यूपी में आज का मौसम (15 April 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम ने तेजी से करवट बदली है। बारिश का मौसम थमने के बाद गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, जिसके कारण कई जिलों में भीषण गर्मी सताने लगी है। मंगलवार को यूपी के 5 जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं बुंदेलखंड और दक्षिण जिलों में दिन में चिलचिलाती गर्मी ने बहुत परेशान किया। आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलेगी या तापमान और उछाल भरेगा, आइए जानते हैं।
यूपी में 15 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम (Uttar Pradesh Weather Today)
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा, इस दौरान कहीं भी बारिश के कोई आसार नहीं है। आगामी 4-5 दिनों तक प्रदेश में गर्मी से राहत के कोई आसान नहीं हैं। इस दौरान मौसम साफ और शुष्क ही बने रहने की संभावना है। जिसके चलते दिन में सूरज की तपिश भी बढ़ेगी और तेज धूप के कारण तापमान में भी बढ़ोत्तरी की संभावना है।
यूपी के 5 सबसे गर्म जिले
| जिला | अधिकतम तापमान (°C) |
| बांदा | 42.6 |
| झांसी | 40.5 |
| प्रयागराज | 40.4 |
| वाराणसी | 40.1 |
| सुल्तानपुर | 40 |
यूपी में क्यों बढ़ रही अचानक गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक महाराष्ट्र और कर्नाटक के ऊपर बना प्रति-चक्रवात अब मध्य भारत की तरफ बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से पूरे यूपी में तापमान में अगले एक सप्ताह में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। आने वाले दिनों में तराई और कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने का अनुमान है।
यूपी में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल को भी मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है, इस दौरान हल्की हवा चल सकती है। दिन में तेज धूप खिली रहेगी। 17 अप्रैल को भी मौसम साफ रहेगा, वहीं 18 अप्रैल को गर्म हवाएं चलने से गर्मी में और इजाफा हो सकता है। 19 अप्रैल को भी तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही चिलचिलाती धूप भी निकलेगी। 20 अप्रैल तक यूपी में मौसम साफ ही बने रहने का पूर्वानुमान है, इस दौरान आंधी-बारिश की कोई संभावना नहीं है।
