शहर

उत्तर प्रदेश का मौसम (12 April 2026) UP Weather Today: यूपी में बारिश के बाद अब गर्मी का प्रचंड वार! 7 दिनों में 40 डिग्री पार करेगा तापमान

उत्तर प्रदेश का मौसम (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 April 2026: उत्तर प्रदेश में बारिश थमने के बाद तापमान में तेजी से इजाफा होने लगा है। जल्द ही यहां भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।

Image

आज यूपी का मौसम

यूपी में आज का मौसम (12 April 2026): उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। बारिश का दौर थमने के बाद एक बार फिर गर्मी ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। दिन में अब तेज धूप निकलने लगी है। जिसके कारण तापमान में भी उछाल देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में धूप की तल्खी और बढ़ेगी, जिससे एक सप्ताह के अंदर ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। फिलहाल यूपी में चल रही तेज पछुआ हवाएं के कारण काफी हद तक राहत बनी हुई है, लेकिन आज से हवाओं का दौर भी कम होने की संभावना है। जिससे लोगों को गर्मी परेशान कर सकती है।

यूपी में 12 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम (Uttar Pradesh Weather Today)

मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आज कहीं भी बादल छाने या बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। IMD के अनुसार यूपी में अगले एक सप्ताह में कोई भी वेदर सिस्टम एक्टिव होने की संभावना नहीं है। जिसके चलते मौसम भी शुष्क ही बना रहेगा। इस दौरान तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है। जिसके कारण प्रयागराज, झांसी समेत प्रदेश के कई अन्य शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जाने के आसार हैं।

यूपी में सबसे गर्म शहर

शनिवार को यूपी में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं। दिन में मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप भी निकली रही। जिसके कारण बीते 24 घंटे में प्रदेश में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस का इजाफा दर्ज किया गया। इस दौरान यूपी के सबसे गर्म शहर प्रयागराज और झांसी रहे, यहां का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद वाराणसी और उरई में दिन का पारा 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर में भी 37 डिग्री के करीब अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

यूपी में बारिश थमने के बाद अब पड़ेगी भीषण गर्मी

अप्रैल की शुरुआत से ही यूपी में रुक-रुककर बारिश का मौसम देखने को मिल रहा था। लगातार एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ आने के कारण प्रदेश में आंधी-बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही थीं। जिसके कारण 3-4 दिन पहले तक यूपी में मौसम सुहावना बना हुआ था। दिन का तापमान भी लुढ़ककर 8 डिग्री तक कम हो गया था। जिसके कारण अप्रैल में नवंबर के महीने जैसी ठंडक महसूस हो रही थी। हालांकि अब बारिश का मौसम थम चुका है, जिसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोत्तरी शुरू हो चुकी है। अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में 6-8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4-6 डिग्री का उछाल आने की संभावना है। जिसके कारण भीषण गर्मी परेशान कर सकती है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article