क्राइम

देवर के इश्क में भाभी का खौफनाक कारनामा, बेटी के सामने किया दिल दहलाने वाला काम; खूनी स्क्रिप्ट सुन पुलिस हैरान

मध्य प्रदेश के भिंड में रिश्ते के देवर के प्रेम में महिला ने अपने पति की गोली मरवा कर हत्या करा दी। पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी रूबी का रिश्ते में देवर विशाल विमल से लगभग सात साल से प्रेम प्रसंग था और दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग और चैटिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे।

Image

मध्यप्रदेश के भिंड में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कराई पति की हत्या (फोटो-Istock)

भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी, जिसके बाद शनिवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक असित यादव ने बताया कि आरोपी रूबी (23) ने जिले के अटेर थाना क्षेत्र में आठ अप्रैल को हुई इस घटना को लूट का रंग देने की कहानी गढ़ी लेकिन पुलिस जांच के दौरान उसने सच्चाई बता दी। रूबी और उसके प्रेमी विशाल विमल (21) को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पति नीलेश जाटव (27) की हत्या में साथ देने वाले एक अन्य आरोपी राजेश कुशवाह की तलाश जारी है। इस मामले में मृतक की पत्नी ही हत्या की साजिश की मुख्य आरोपी निकली, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश को अंजाम दिया।

बीवी ने कैसे रची हत्या की साजिश

दरअसल, आठ अप्रैल को अटेर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल सवार युवक नीलेश जाटव की उसकी पत्नी व बच्ची के सामने ही अज्ञात लुटेरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पति व बच्ची के साथ मोटरसाइकिल पर जामना गांव से खरिका लौट रही थी तभी रास्ते में रिदौली-खरिका मार्ग पर उसका बैग गिर गया। रूबी ने पुलिस को बताया कि जैसे ही पति ने मोटरसाइकिल रोकी और वह बैग उठाने गई, तभी पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर उसके पति की हत्या कर दी और फरार हो गए।

न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से पुलिस ने सूचना पर अटेर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। यादव ने बताया कि पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, एफएसएल टीम की मदद ली और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पत्नी के बयान संदिग्ध पाए गए। इसके बाद पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया। पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी रूबी का रिश्ते में देवर विशाल विमल से लगभग सात साल से प्रेम प्रसंग था और दोनों आपस में व्हाट्सएप कॉलिंग और चैटिंग के जरिए लगातार संपर्क में रहते थे।

ये लिखी मौत की स्क्रिप्ट

उन्होंने बताया कि पति उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के मुताबिक पति के साथ मोटरसाइकिल पर जाने के दौरान पत्नी ने निर्धारित स्थान पर अपना बैग गिरा दिया और मोटरसाइकिल रुकवाकर बैग उठाने लगी। इस दौरान घात लगाकर बैठे प्रेमी और उसके साथी राजेश कुशवाह ने नीलेश जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी हत्यारे और मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी कट्टा, खाली कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जबकि हत्या में सहयोग करने वाला अन्य आरोपी राजेश कुशवाह अभी फरार है और जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article