यूपी में आज का मौसम (07 June 2026): उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों के मौसमी उतार-चढ़ाव और बारिश के बाद अब तपिश भरे दिन एक बार फिर लौट आए हैं। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार से पूरे प्रदेश में दिन के तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि शुरू होगी। अगले पांच से छह दिनों के भीतर पूरब से पश्चिम तक लगभग सभी जिलों में दिन का पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके साथ ही, आगामी 9 जून से 11 जून के दौरान उत्तर प्रदेश के करीब 40 जिलों में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है, जिससे अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इसके अलावा एक और आशंका ये जताई जा रही है कि यूपी में मानसून भी देरी से ही आएगा।
झांसी रहा सबसे गर्म शहर, लखनऊ-वाराणसी में भी बढ़ी तपिश
शनिवार को यूपी का मौसम एकदम बदल गया और 29 मई से पहले पड़ने वाली भीषण गर्मी की तरह ही तीखी धूप का प्रकोप रहा। शनिवार को बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में सूरज की तपिश सबसे ज्यादा महसूस की गई, जहां झांसी 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- चंदौली में मकान ढहाते समय बड़ा हादसा; दीवार गिरने से कई मजदूर मलबे में फंसे, एक की मौत
9 जून से 'हीटवेव' का अलर्ट, आसमान से बरसेगी आग
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब मौसम मुख्य रूप से शुष्क और शांत रहेगा। 7 और 8 जून के लिए मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन सोमवार और मंगलवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा। सोमवार से गुरुवार के बीच करीब 40 जिलों में लू चलने का पूर्वानुमान है, जिसका सबसे अधिक असर लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों समेत पूर्वी यूपी के जिलों में देखने को मिलेगा। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के अनुसार, रविवार से बादल पूरी तरह छंट जाएंगे और लोकल हीटिंग के कारण अगले हफ्ते अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहने का संकेत है।
इस बार मानसून भी लेट
देश में 4 दिन देरी से दाखिल होने के बाद, मानसून यूपी में भी देरी करता दिखाई दे रहा है। अनुमान है कि यूपी में मानसून 24 जून तक पहुंच सकता है। आमतौर पर 18-20 जून के बीच ये यूपी पहुंच जाता है। इस बार तय समय से तकरीबन 4 दिन लेट है। आसार ऐसे हैं कि 20 से 25 दिन में मानसून कमजोर भी पड़ जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में पुलिस और स्नैचरों के बीच सनसनीखेज मुठभेड़; 28 मुकदमों में आरोपी बदमाश गिरफ्तार
11 जून के बाद फिर होगी आंधी-बारिश
प्रचंड गर्मी और लू के इस दौर के बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर भी दी है। 7 जून से 10 जून तक मौसम शुष्क रहने के बाद, 11 जून से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। विभाग के अनुसार, 11 जून के बाद से प्रदेश भर में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम एक बार फिर सुहाना हो जाएगा। हालांकि, इस दौरान दक्षिणी यूपी के कुछ जिलों में बीच-बीच में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है।
