Hapur Fake Paneer Destroyed: उत्तर प्रदेश में त्यौहारों और आम जनता की सेहत को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने मिलावटखोरों के खिलाफ आक्रामक अभियान शुरू कर दिया है। राज्य के हापुड़ जिले में सप्लाई के लिए आया 2 क्विंटल संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त कर नष्ट कराया गया, वहीं दूसरी ओर कानपुर में चावल के टुकड़ों में हानिकारक रंग मिलाकर नकली हल्दी बनाने वाली एक पूरी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है।
यूपी में मिलावट माफिया पर खाद्य विभाग की बड़ी स्ट्राइक, हापुड़ में 2 क्विंटल संदिग्ध पनीर नष्ट, कानपुर में चावल-रंग से बन रही नकली हल्दी का भंडाफोड़
टोडरपुर से आई पिकअप गाड़ी से 2 क्विंटल मिलावटी पनीर जब्त
हापुड़ में मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घेराबंदी कर एक पिकअप गाड़ी को पकड़ा, जिसमें जिले के विभिन्न बाजारों में सप्लाई के लिए दो क्विंटल पनीर लाया गया था। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया पनीर मिलावटी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत विधिक प्रक्रिया के तहत पनीर के 2 नमूने (सैंपल) जांच प्रयोगशाला भेजे और पूरे स्टॉक को नष्ट करा दिया।
खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि यह गाड़ी टोडरपुर से हापुड़ में सप्लाई देने आई थी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि यह मिलावटी पनीर शहर में किन-किन दुकानदारों को बेचा जाना था।
चावल, मिर्च और लिक्विड कलर से बनती थी 'हल्दी'
कानपुर के जिलाधिकारी के कड़े निर्देशों पर FSDA की टीम ने पनकी क्षेत्र में स्थित 'पीतांबरा इंटरप्राइजेज' नामक फर्म पर अचानक छापेमारी की, जहाँ मिलावटी मसालों का काला कारोबार चल रहा था। छापे के दौरान मौके पर असली साबुत हल्दी पूरी तरह गायब मिली। गिरोह चावल के टुकड़ों को पीसकर उसमें खतरनाक केमिकल युक्त लिक्विड कलर मिलाकर बेधड़क नकली हल्दी तैयार कर रहा था।
टीम ने मौके से ₹4.20 लाख मूल्य की नकली हल्दी, चावल के टुकड़े, मिर्च और धनिया पाउडर सहित कुल ₹5,86,200 का अवैध स्टॉक जब्त कर सीज कर दिया है। FSDA टीम ने हल्दी, मिर्च, धनिया और लिक्विड कलर के कुल 6 नमूने लैब टेस्ट के लिए भेजे हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आते ही फर्म के संचालकों पर सख्त एफआईआर दर्ज की जाएगी। बता दें खाद्य सुरक्षा विभाग की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से प्रदेश भर के मिलावट माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
