DA Manifesto: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणा पत्र (Manifesto) जारी किया। सपा ने इसे पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया और जन-मन का मैनिफेस्टो करार दिया। इसमें रोजगार गारंटी, जातिगत जनगणना, जघन्य अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति, पांच रुपये में खाना, पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां, पेपर लीक के खिलाफ सख्त व्यवस्था सहित कई वर्गों के लिए बड़े वादे किए।
अखिलेश यादव ने सपा का मैनिफेस्टो किया जारी
सामाजिक न्याय
- 2028 तक जाति जनगणना कराएंगे। इसके आधार पर 2029 तक सबको न्याय एवं हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का वादा।
- 2028 तक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़े वर्ग के सभी सरकारी रिक्त पदों को भरने का आश्वासन दिया।
- निजी क्षेत्र में समाज के सभी वर्गों की भारीदारी सुनिश्चित करने का वादा।
नौकरियों का वादा
अखिलेश यादव ने सपा की सरकार बनने पर ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरियां देने का वादा किया। पीडीए के प्रणपत्र में वादा किया गया कि पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरा जाएगा, जबकि पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया।
उन्होंने सभी परीक्षाओं को समय पर आयोजित कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिन रिक्तियों के लिए एक परीक्षा होंगी, उन परीक्षाओं को तीन महीने में पूरा किया जाएगा। जिसमें एक से ज्यादा परीक्षा होंगे, उन्हें छह महीने में पूरा किया जाएगा और रिजल्ट भी पूरी पारदर्शिता के साथ जारी किया जाएगा।
रोजगार गारंटी अधिनियम का वादा
युवा, पुरुषों और महिलाओं के लिए तब तक न्यूनतम आयु सुनिश्चित की जाएगी जब तक उन्हें कोई सुरक्षित काम या रोजगार नहीं मिल जाता। इसके अलावा, सरकारी और निजी क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार करने हेतु नीति बनाने का वादा किया गया।
घोषणापत्र में सभी पात्र युवाओं को सुरक्षित नौकरी, हर साल पांच लाख युवाओं को कौशल विकास केंद्रों से प्रशिक्षण और युवाओं को रोजगार मिलने तक पांच हजार रुपये प्रतिमाह पोषण भत्ता देने की बात कही गई है। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है।
लैपटॉप बांटने का वादा
शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी ने बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू करने, 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना फिर लागू करने और प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वाईफाई सुविधा उपलब्ध कराने का वादा किया है। घोषणापत्र में शिक्षा पर राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का छह प्रतिशत खर्च करने तथा गरीब और पीडीए वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर देने की बात कही गई है।
फ्री जांच, दवाइयां और अन्य मेडिकल सुविधाएं
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए 'राज्य स्वास्थ्य नीति 2027' लागू की जाएगी। इसका मकसद लोगों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों और गरीब नागरिकों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही मुफ्त जांच, दवाइयां और अन्य चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पतालों में भर्ती मरीजों को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसी तरह की व्यवस्था सैफई और लोहिया संस्थान में भी रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने जारी किया 'PDA का प्रणपत्र', शिक्षा और रोजगार पर जोर, पुरानी पेंशन बहाली का किया वादा
उन्होंने कहा कि कि 13 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं के नेटवर्क को भी मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कैंसर इंस्टीट्यूट को न सिर्फ चलाएंगे, बल्कि रिसर्च वर्क को फिर से शुरू किया जाएगा। कैंसर का इलाज लगातार महंगा होता जा रहा है, जिससे परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ऐसे में गरीब मरीजों को कैंसर का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
समाजवादी कैंटीन में 5 रुपये में खाना
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने के बाद राज्य में समाजवादी कैंटीन खोली जाएगी। इस कैंटीन में पांच रुपये में खाने की थाली मिलेगी। इसके अलावा बुजुर्ग महिला कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने तथा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए कानून बनाने का भी प्रस्ताव है। सपा ने घोषणा पत्र में कहा कि उसका उद्देश्य संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय की रक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश को समावेशी एवं विकसित राज्य बनाना है।
