UP Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई ने गुरुवार को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जारी समाजवादी पार्टी (SP) के घोषणा पत्र को 'ढकोसला पत्र' करार देते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सपा के वादों पर भरोसा नहीं करेगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंकज चौधरी (फोटो साभार: @mppchaudhary)
प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आरोप लगाया कि सपा का राजनीतिक इतिहास भय, भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, अराजकता और तुष्टिकरण की राजनीति का रहा है। उन्होंने कहा कि सपा हर चुनाव से पहले भ्रम और फरेब का पुलिंदा लेकर जनता के सामने आती है, जबकि उसके वादे जमीन पर उतरने वाले नहीं हैं।
'सपा शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी'
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2012 में भी सपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद प्रदेश को दंगों, अपराध और भ्रष्टाचार के माहौल में धकेल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता था।
चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की बात करने से पहले उन्हें अपने शासनकाल में दलितों के साथ हुए कथित अन्याय और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की मूर्तियों को क्षति पहुंचाए जाने की घटनाओं पर जवाब देना चाहिए।
चौधरी ने रोजगार और किसानों के मुद्दे पर भी सपा को घेरते हुए कहा कि पांच साल में 25 लाख रोजगार देने का वादा केवल चुनावी जुमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार अपने कार्यकाल में युवाओं को पर्याप्त रोजगार और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य देने में विफल रही।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने प्रणपत्र में किस वर्ग के लिए क्या-क्या किए वादे?
सपा के घोषणापत्र पर बरसे केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सपा के घोषणापत्र को 'झूठ और छलावे का ढकोसलापत्र' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन का मतलब गुंडाराज और अपराधियों को संरक्षण देना था। मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की साइकिल पंक्चर होगी और भाजपा फिर सत्ता में आएगी।
सनद रहे कि कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिये पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। 'पीडीए का प्रण पत्र' शीर्षक से जारी इस घोषणापत्र में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार स्नातकों को प्रतिमाह 5,000 रुपये भत्ता देने, किसानों का 100 दिन के भीतर शत-प्रतिशत कर्ज माफ करने और सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने समेत अनेक वादे किये गये हैं।
