उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को कांग्रेस दफ्तर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कई नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया।
Representative image
24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में ‘यूपी विजय संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और सांसद इमरान मसूद मौजूद रहे। इस दौरान बघरा-मुजफ्फरनगर से पूर्व विधायक प्रदीप बालियान, समाजवादी पार्टी के पूर्व सचिव दिशांत त्यागी और लोकेश भाटी ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। कांग्रेस की ओर से इसे राज्य में पार्टी के संगठन विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
