Samajwadi Party First List: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी शुरुआती रणनीति का पत्ता खोल दिया है। कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के दौर के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 5 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी ने इस घोषणा के साथ "होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान" का नारा दिया है, जिसमें चार मुस्लिम और एक पिछड़ा (ओबीसी) चेहरे को जगह मिली है। अखिलेश के 'स्पेशल-5' उम्मीदवार और उनकी सीटें कौन सी हैं जानिए।
इन 5 पर अखिलेश का दांव
उमर अली खान (बेहट, सहारनपुर)
2022 के विधानसभा चुनाव में बेहट सीट से जीत दर्ज कर विधायक बने उमर अली खान पर पार्टी ने फिर भरोसा जताया है। 2012 से 2018 तक एमएलसी रह चुके उमर अली ने पिछले चुनाव में भाजपा के नरेश सैनी को 37,880 वोटों से हराया था।
आशु मलिक (सहारनपुर)
सहारनपुर सीट से आशु मलिक को उम्मीदवार बनाया गया है। वे सपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और पार्टी ने एक बार फिर उन पर दांव खेला है। आशु मलिक 2022 के विधानसभा चुनाव में सहारनपुर नगर सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, हालांकि उस चुनाव में वे भाजपा के राजीव गुंबर से बहुत कम अंतर से हार गए थे। इससे पहले वे उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) के सदस्य भी रह चुके हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व (मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव) का बेहद करीबी माना जाता रहा है। पश्चिमी यूपी में मुस्लिम वोट बैंक को साधने में पार्टी उन्हें एक अहम चेहरे के तौर पर देखती है।
नाहिद हसन (कैराना, शामली)
कैराना के चर्चित राजनीतिक परिवार से आने वाले नाहिद हसन लगातार जीत की लय बनाए रखने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। उनके दादा अख्तर हसन, पिता मुनव्वर हसन और मां तवस्सुम बेगम सांसद रह चुके हैं, जबकि बहन इकरा हसन कैराना से लोकसभा सांसद हैं। नाहिद 2014 के उपचुनाव के बाद 2017 और 2022 में भी कैराना से जीत दर्ज कर चुके हैं।
महबूब अली (अमरोहा)
अमरोहा सीट से वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री महबूब अली को टिकट मिला है। 1993 में पहली बार विधायक बने महबूब अली मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में मंत्री रह चुके हैं और अमरोहा से लगातार जीत का रिकॉर्ड बना चुके हैं।
ज्योति सिंह लोधी (ललितपुर)
बुंदेलखंड के ललितपुर से ज्योति सिंह लोधी को प्रत्याशी बनाया गया है। वे क्षेत्र में लोधी वोट बैंक का चेहरा हैं और ललितपुर की जिलाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। यह पहली सूची की इकलौती सीट है जो फिलहाल सपा के पास नहीं है (2017 और 2022 में यहां भाजपा जीती थी)।
क्या कह रहा है सपा का सियासी समीकरण?
पहली सूची के जरिए अखिलेश यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर बुंदेलखंड तक संदेश देने की कोशिश की है। चार मुस्लिम उम्मीदवारों के साथ एक पिछड़ी वर्ग की महिला नेता (ज्योति लोधी) को उतारकर पार्टी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को साधने पर जोर दे रही है। उधर, कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर भी चर्चा जारी है, जहां अखिलेश यादव ने 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत होने की बात कही है।
