उत्तर प्रदेश में कल यानी मंगलवार 6 जनवरी को SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की गई। पूरे राज्य में लगभग दो महीने तक SIR की प्रक्रिया चली और तमाम मतदाताओं ने अपने-अपने SIR फॉर्म भरे। दस्तावेजों के साथ फॉर्म BLO को जमा किए और उसके बाद मंगलवार 6 जनवरी को चुनाव आयोग ने अपनी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कई लोगों के नाम नहीं हैं, जबकि वो पहले से वोटर थे। कई लोगों के नाम कट गए। ऐसे में कई प्रश्न लोगों के जेहन में हैं।
SIR ड्राफ्ट में नाम कट गया अब क्या करूं?
एक कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया है। बता दें कि गुरदीप सिंह सप्पल को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह और RJD नेता तेजस्वी यादव भी फॉलो करते हैं। सप्पल ने बताया कि उनका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल में उनका निर्वाचन क्षेत्र बदला है और दोनों ही जगह की वोटर लिस्ट से उनका नाम काट दिया गया है। चुनाव आयोग ने उनकी पोस्ट पर जवाब दिया है। चलिए जानते हैं SIR के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद कौन-कौन से प्रश्न जनता के सामने हैं और उनका उत्तर क्या है, जो स्वयं चुनाव आयोग ने X पर गुरदीप सिंह सप्पल को दिया है।
- ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद उठ रहे प्रमुख प्रश्न
- SIR के बाद ड्राफ्ट लिस्ट में मेरा नाम कैसे चेक करूं?
- ड्राफ्ट लिस्ट में मेरा नाम नहीं है अब क्या करूं?
- पहले मेरा नाम वोटर लिस्ट में था, लेकिन SIR के बाद काट दिया गया है। ऐसा क्यों और कैसे अपना नाम फिर से दर्ज करवाऊं?
- मेरा घर पहले किसी अन्य विधानसभा या लोकसभा क्षेत्र में था, अब मैंने घर बदल लिया है और मेरा नाम अब किसी वोटर लिस्ट में नहीं है क्यों?
- घर बदलने के बाद अब नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं है तो मुझे क्या करना चाहिए?
कैसे चेक करें ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करूं के प्रश्न का उत्तर बहुत ही आसान है। इसके लिए आपको चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाना होगा। अब आपको सामने ही Download Electoral Roll लिखा दिखेगा, इस पर क्लिक करके आप अगले पेज पर चले जाएंगे। यहां आप अपना स्टेट यानी राज्य चुनेंगे। राज्य चुनने के बाद आप ड्रॉप डाउन से Year of Revision में 2026 चुनें, Roll Type में SIR DraftRoll-2026 चुनें। District के ड्रॉप डाउन से अपना जिला, Assembly Constituency के ड्रॉप डाउन से अपनी विधानसभा का चुनाव करें। अंत में Select Language के ड्रॉप डाउन से Hindi चुनें और नीचे दिया गया Captcha भी भर दें। अब नीचे पार्ट नंबर और पार्ट नेम की एक लिस्ट आ जाएगी। उसमें से अपना पार्ट नंबर के सामने वाले रेडियो बटन को क्लिक करने के बाद ऊपर Download Selected PDFs पर क्लिक करके ड्राफ्ट डाउनलोड कर लें और अपना नाम लिस्ट में चेक करें।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं है, अब क्या करूं?
ड्राफ्ट लिस्ट में नाम चेक कर लिया, लेकिन मेरा नाम उसमें नहीं है अब क्या करूं? आपका दूसरा प्रश्न यही होगा। चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसका जवाब दिया है। अब आपको फिर से अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज करवाना होगा। इसके लिए आप फॉर्म 6 भर सकते हैं। फॉर्म 6 भरकर सभी दस्तावेजों के साथ अपने BLO के पास जमा करवा दें, कुछ ही दिनों में आपका नाम नई वोटर लिस्ट में दर्ज हो जाएगा।
SIR प्रक्रिया में नाम कट गया क्या करूं?
अगर आपका नाम पहले वोटर लिस्ट में था और SIR के बाद नाम कट गया है तो इसके लिए भी आपको वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाना पड़ेगा। वोटर लिस्ट में नाम दर्ज करवाना के लिए फॉर्म 6 भरना होगा। अगर आप SIR फॉर्म नहीं भर पाए या किसी अन्य वजह से आपका नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है तो फॉर्म 6 भरकर आप वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा लें।
चुनाव आयोग ने दिया ये जवाब
गुरदीप सिंह सप्पल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट में लिखा था कि पहले वह गाजियाबाद में रहते थे और अब नोएडा शिफ्ट हो गए हैं। लेकिन अब उनका नाम न तो गाजियाबाद की लिस्ट में है और न ही नोएडा की लिस्ट में। इस पर चुनाव आयोग ने जवाब देते हुए पोस्ट किया, 'BLO ने अपना कार्य सही ढंग से किया है जो आपका नाम गाजियाबाद जिले की वोटर लिस्ट से काट दिया। आपको और आपके परिवार के सदस्यों को नोएडा जिले की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने हेतु फॉर्म 6 भरना चाहिए। जिस प्रकार आप फॉर्म 6 भर सकते हैं, बिलकुल उसी तरह आपकी जैसी स्थिति में रहने वाले बाकी लोग भी फॉर्म 6 भर सकते हैं और उन्हें फॉर्म 6 भरना चाहिए।'
घर का पता बदलने पर क्या करें?
घर बदलने के बाद अब नई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम दर्ज नहीं होने पर भी चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में जानकारी दी है। चुनाव आयोग ने कहा, 'आपका नाम नई जगह की वोटर लिस्ट में जुड़ा ही नहीं है तो आपका नाम दोनों जगहों से काटने की बात कहना सही नहीं है। जिस नई जगह आप शिफ्ट किए हैं उस घर के पते को डालकर आप फॉर्म 6 भर सकते हैं। आपकी जैसी ही स्थिति में और लोग भी हो सकते हैं। उनके द्वारा भी यही प्रक्रिया का पालन किया जाना अपेक्षित है। SIR का प्रारंभिक चरण ही पूरा हुआ है। SIR का रिजल्ट तो फाइनल वोटर लिस्ट होगी। यह फर्क नहीं पड़ता कि आपका नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आया था कि नहीं आया। फर्क इस बात का पड़ेगा कि आपका नाम फाइनल वोटर लिस्ट में हैं या नहीं।
