देश

‘वोटर लिस्ट से कट गया मेरा नाम’, कांग्रेस नेता का यूपी SIR पर दावा; चुनाव आयोग ने दिया तुरंत जवाब

UP Draft Voter List 2026: उत्तर प्रदेश की 2026 ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 2.89 करोड़ नाम कटने पर विवाद खड़ा हो गया है, कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने अपना और परिवार का नाम गायब होने का दावा किया। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण के कारण नाम हटाया गया है और नए पते पर नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया बताई है।

Image

कांग्रेस नेता ने यूपी SIR से नाम कटने का दावा किया।(फोटो सोर्स: istock)

Photo : iStock

UP Draft Voter List 2026: चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट मंगलवार(6 जनवरी) को जारी कर दी है। लिस्ट से 2 करोड़ से ज्यादा नाम काटे गए हैं। इसी बीच कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने दावा किया कि उनका और उनके परिवार के सदस्यों के नाम SIR से गायब है।

मेरा नाम वोटर लिस्ट से गायब: कांग्रेस नेता

सोशल मीडिया पर उन्होंने पोस्ट कर बताया कि उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट SIR वोटर लिस्ट में उनका और उनके परिवार का नाम गायब है। उन्होंने ये भी कहा कि उनके पास सारे कागजात हैं और 2003 की वोटर लिस्ट में भी उनके नाम थे।

गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा कि उनका नाम सिर्फ इस आधार पर काट दिया गया कि उन्होंने अपना नाम साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से नोएडा विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित कराया था।

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, उत्तर प्रदेश की एसआईआर मसौदा सूची प्रकाशित हो गई है. इसमें मेरा और मेरे परिवार का नाम ग़ायब है, जबकि हमारे नाम 2003 की मतदाता सूची में शामिल थे, हमारे नाम पिछले चुनाव की मतदाता सूची में भी शामिल थे और हमारे माता-पिता के नाम भी 2003 की मतदाता सूची में शामिल थे।’

चुनाव आयोग ने दिया जवाब

हालांकि, कांग्रेस नेता के आरोपों पर यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के एक्स हैंडल से जवाब भी आया है। जवाब में लिखा गया कि बीएलओ ने अपना काम नियम के अनुसार किया है। वहीं, उन्हें अब फॉर्म 6 भरना होगा। जवाब में लिखा गया, गुरदीप जी धन्यवाद! आपने अपनी पोस्ट में आपके और आपके परिवार के सदस्यों का नाम वोटर लिस्ट के कटने का सही कारण भी बताया कि आप गाजियाबाद से नोएडा शिफ्ट कर गए हैं। BLO ने अपना काम सही ढंग से किया है जो आपका नाम गाजियाबाद जिले की वोटर लिस्ट से काट दिया।

आगे लिखा गया, आपको और आपके परिवार के सदस्यों को नोएडा जिले की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6 भरना चाहिए। जिन अन्य लोगों का भी नाम कट गया है, उन्हें फॉर्म 6 भरना चाहिए। हालांकि, इसके बाद भी कांग्रेस नेता ने पोस्ट कर चुनाव आयोग से कुछ सवाल पूछे।

बता दें कि मंगलवार को मतदाता सूची को लेकर जो मसौदा सामने आया है, उसके मुताबिक, 12 करोड़ 55 लाख मतदाता शामिल है। यह आंकड़ा पूर्व की संख्या 15.44 करोड़ से लगभग दो करोड़ 89 लाख कम है।

यूपी वोटर लिस्ट कैसे देखें?

इस ड्राफ्ट लिस्ट में आपका नाम है या नहीं, इसे जानने के तीन तरीके चुनाव आयोग की वेबसाइट पर दिए गए हैं। आप एपिक नंबर, मोबाइल नंबर और निजी जानकारी भरके अपना नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में देख सकते हैं। अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है और आप दर्ज कराना चाहते हैं तो 6 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article