दिल्ली-NCR में घर का सपना अगर आप भी देख रहे हैं तो गाजियाबाद में आपका सपना पूरा हो सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार ने गाजियाबाद में लंबे समय से खाली पड़े सरकारी फ्लैटों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने गाजियाबाद में विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद के करीब 10 हजार अनसोल्ड फ्लैटों की कीमतों में 25 फीसद तक की कटौती को मंजूरी दे दी है। नई राज्यव्यापी प्राइसिंग गाइडलाइंस के तहत यह फैसला लिया गया है। इसका मकसद फ्लैटों की बिक्री तेज करने के साथ ही विभिन्न विकास एजेंसियों के बीच कीमतों में एकरूपता लाना भी है।
किस योजना में कितने फ्लैट
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण यानी GDA के करीब 1748 और आवास विकास परिषद के लगभग 8000 फ्लैट अनसोल्ड हैं। आवास विकास परिषद के यह अनसोल्ड फ्लैट तीन बड़ी योजनाओं में मौजूद हैं। इसमें सिद्धार्थ विहार की गंगा-यमुना और हिंडन योजना में करीब 4 हजार फ्लैट हैं, जबकि मंडोला आवासीय योजना में भी करीब 4000 फ्लैट ही शामिल हैं।
मॉडल कॉस्टिंग गाइडलाइंस बेसिक प्रिंसिपल्स 2025 के तहत यह पूरी कवायद की जा रही है। नई गाइडलाइंस का मकसद अनसोल्ड फ्लैट्स को तेजी से बेचना और विकास प्राधिकरणों व आवास बोर्ड के बीच कीमतों के अंतर को खत्म करना है। कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और इसके बाद आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद ने सभी अथॉरिटी को इन नियमों को लागू करने के निर्देश भी दिए हैं।
समय पर भुगतान करने पर और छूट
जानकारी के मुताबिक नए मॉडल के तहत प्रति फ्लैट कीमत, मौजूदा दरों की तुलना में 25 फीसद तक कम हो जाएगी। यही नहीं अगर फ्लैट खरीददार समय पर भुगतान करते हैं, तो अतिरिक्त छूट भी दी जा रही है। 45 दिन के अंदर एकमुश्त भुगतान पर 6 फीसद, 60 दिन में भुगतान पर 5 फीसद और 90 दिन के भीतर पूरा भुगतान करने पर 4 फीसद की अतिरिक्त छूट का प्रावधान है।
प्रीमियम चार्ज भी फिक्स होगा
इस नई नीति के तहत प्रीमियम चार्ज पर भी सख्ती बरती गई है। कॉर्नर फ्लैट, पार्क फेसिंग या 18 मीटर चौड़ी सड़क की ओर वाले फ्लैटों पर लगने वाला प्रीमियम अब ज्यादा से ज्यादा 5 फीसद हो सकता है, जो पहले से 8-10 फीसद तक लिया जा रहा था। यही नहीं सभी तरह के प्रीमियम मिलाकर कुल बढ़ोतरी 12 फीसद से ज्यादा नहीं हो सकते।
ये भी पढ़ें - अर्जुन का पेड़ भारत में कहां-कहां होता है?
इन अनसोल्ड इन्वेंट्री में EWS से लेकर बड़े फ्लैट्स तक मौजूद हैं। GDA के फ्लैटों की कीमत 5.7 लाख रुपये से शुरू होकर 69.4 लाख रुपये तक रखी गई है। आवास विकास परिषद के 1BHK फ्लैट की कीमत 69.4 लाख, 2BHK फ्लैट की कीमत 87 लाख, 3BHK फ्लैट की कीमत 1.1 करोड़ रुपये तक है। किफायती आवास को बढ़ावा देने के लिए EWS और LIG श्रेणी के फ्लैटों पर ब्याज तर भी 8 फीसद तय की गई है।
