Bakri Eid: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मद्देनजर राज्य में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और पशुओं की कुर्बानी महज पहले से निर्धारित स्थानों पर ही दी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी दोहराया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो साभार: @myogioffice)
CM ने की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नमाज केवल पारंपरिक स्थलों पर ही अदा की जाए। किसी भी स्थिति में सड़क जाम कर नमाज पढ़ने की अनुमति न दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले अवशेषों और कचरे के निस्तारण के लिए हर जिले में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने और अवैध बूचड़खानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही लाइसेंसी बूचड़खानों में निर्धारित क्षमता से अधिक पशु न रखे जाएं, यह सुनिश्चित करने को कहा।
सभी थानों की CCTV निगरानी के लिए बने सेंट्रल डैशबोर्ड
योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश के सभी थानों की सीसीटीवी फुटेज की सतत निगरानी के लिए एक 'सेंट्रल डैशबोर्ड' विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने रविवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित तथा तकनीक आधारित बनाने के लिए पुलिस रेडियो विभाग को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों की सीसीटीवी फुटेज की सतत निगरानी के लिए एक 'सेंट्रल डैशबोर्ड' विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कानून व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी होगी।
