लोक आस्था के पर्व छठ पर घर जाने वाले श्रद्धालुओं और व्रतियों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के उच्च अधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) को दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश (पूर्वांचल) के विभिन्न जनपदों के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर किसी भी यात्री से निर्धारित किराये से अधिक की वसूली नहीं होनी चाहिए।
सीएम योगी ने दिए महिला पुलिस और अतिरिक्त बसों के इंतजाम के निर्देश
15 और 16 नवंबर को सूर्य देव को दिया जाएगा अर्घ्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, आजमगढ़, चंदौली, भदोही, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, बस्ती और कानपुर नगर सहित कई जिलों में लाखों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ इस पर्व में शामिल होते हैं। 15 नवंबर, रविवार की शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा। 16 नवंबर, सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती अपने 36 घंटे के उपवास का पारण करेंगे।
घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोर और वॉटर पुलिस तैनात
व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सीएम योगी ने सभी नदियों, तालाबों और जलाशयों के जलस्तर और गहराई का अग्रिम आकलन करने के निर्देश दिए हैं। गहरे पानी वाले खतरनाक स्थानों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और वॉटर पुलिस की तैनाती की जाएगी। किसी को भी गहरे पानी में जाने की इजाजत नहीं होगी। प्रमुख घाटों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों और पब्लिक एड्रेस सिस्टम से निगरानी रखी जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम और कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की जाए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग कर उन्हें श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील और सहयोगपूर्ण व्यवहार करने को कहा गया है। घाटों पर महिलाओं के लिए कपड़े बदलने के कमरे, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय और निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली कटौती से निपटने के लिए पेट्रोमैक्स या जनरेटर जैसे वैकल्पिक प्रकाश स्रोतों की भी व्यवस्था रहेगी। हर जिले में एक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।
यातायात प्रबंधन और मेडिकल टीम मुस्तैद
घाटों की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर जाम न लगे, इसके लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान लागू करने और वाहनों के लिए पार्किंग स्थल तय करने के आदेश दिए गए हैं। सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा शिविर, डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस मुस्तैद रहेंगी। व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सिविल डिफेंस, NCC और NSS के स्वयंसेवकों की भी मदद ली जाएगी।
