शहर

UP Bihar Weather Update: यूपी-बिहार में मौसम का डबल अटैक; कई जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट, तो कहीं भीषण लू की चेतावनी

UP Bihar Weather Update: उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। यूपी के नोएडा में 90 किमी/घंटे की रफ्तार से चली आंधी के बाद 30 जिलों में बारिश का अलर्ट है, वहीं बिहार के 4 जिलों में आंधी-पानी और 26 जिलों में भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है।

Image

यूपी-बिहार में कहीं बारिश तो कहीं लू

Photo : Times Now Digital

UP Bihar Ka Mausam 05 June: उत्तर भारत के दो बड़े राज्यों उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। यूपी के नोएडा-गाजियाबाद इलाके में गुरुवार को आई भीषण आंधी और बारिश के बाद मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के करीब 30 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर, बिहार के चंपारण और सीतामढ़ी समेत कई जिलों में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पटना समेत 26 जिलों में लोग अभी भी भीषण उमस और लू की मार झेल रहे हैं।

नोएडा में 90 किमी/घंटे की रफ्तार से आई आंधी, दिन में छाया अंधेरा

गुरुवार दोपहर को नोएडा समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट बदली। नोएडा में दोपहर के समय ही घने बादलों के कारण दिन में अंधेरा छा गया और करीब 93 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इस तेज आंधी और झमाझम बारिश के कारण शहर भर में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे भारी नुकसान हुआ और जलभराव के कारण लोगों को लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। नोएडा के अलावा गाजियाबाद, संभल और अलीगढ़ में भी धूल भरी आंधी दर्ज की गई।

यूपी में 6 से 8 जून के बीच ऑरेंज और येलो अलर्ट (UP Weather Update)

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों में शुक्रवार से अगले तीन दिन तक छिटपुट बरसात और आंधी का अनुमान जताया है। प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली और भदोही में तीव्र आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इसके साथ ही कौशांबी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत और मेरठ में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, औरैया और कानपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है

मौसम विभाग के मुताबिक, लखनऊ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को मामूली असर के बाद मौसम साफ हो जाएगा और तेज धूप निकलेगी। यूपी में 7 जून के बाद मौसम एक बार फिर गर्म होगा और तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ लू (Heatwave) चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में मानसून गोरखपुर के रास्ते 18 जून तक प्रवेश कर सकता है।

बिहार: चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी में आंधी-पानी का अलर्ट (Bihar Weather Update)

बिहार के मौसम में भी बड़ा उलटफेर हुआ है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने तात्कालिक अलर्ट जारी करते हुए पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर और सीतामढ़ी जिलों के कई प्रखंडों में तेज बारिश, भीषण आकाशीय बिजली चमकने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी है। पश्चिमी चंपारण के बेतिया, नरकटियागंज, रामनगर और पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, रक्सौल, ढाका समेत कुल 35 से ज्यादा प्रखंडों में आंधी-पानी का असर देखा जा रहा है। इसके अलावा शिवहर और सीतामढ़ी में भी अलर्ट जारी है।

12 जिलों में कल सुबह तक येलो अलर्ट, 26 जिले लू से बेहाल

सीमांचल और कोसी क्षेत्र के 12 जिलों, जिसमें अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं, इनमें 6 जून की सुबह तक 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट है।

दूसरी तरफ, पटना, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीवान, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और औरंगाबाद समेत 26 जिलों में कोई राहत नहीं है। यहां लू की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में शेखपुरा में सबसे ज्यादा 2.5 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है, जबकि 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा।

मानसून की स्थिति: केरल पहुंचा, बिहार-यूपी में थोड़ी देरी के आसार

देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है और 4 जून को (चार दिन की देरी से) केरल पहुंच गया है। बिहार में आमतौर पर मानसून 15 जून तक आता है, लेकिन इस बार इसमें 3 से 4 दिनों की देरी होने की संभावना है। वहीं यूपी में मानसून के 18 जून तक आने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम और वज्रपात के समय लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article