शहर

Mohali: ब्रेकअप से भड़के शख्स ने ऑफिस में युवती का किया मर्डर, खुद पर भी चलाया चाकू

पंजाब के मोहाली फेज-11 में एक प्राइवेट पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के दफ्तर में ब्रेकअप से नाराज सिरफिरे प्रेमी हरविंदर मान ने अपनी सहकर्मी डिंपल की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने भी सुसाइड की कोशिश की। पुलिस ने मर्डर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।

Image

मृतका डिंपल (बाएं) और आरोपी हैरी (दाएं) की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Mohali Crime: पंजाब के मोहाली में एकतरफा प्यार और सनक में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोहाली के फेज-11 स्थित एक नामी पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी के भीतर गुरुवार देर शाम एक युवक ने अपनी साथी महिला कर्मचारी की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी। मृतका की पहचान पटियाला की रहने वाली डिंपल के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने आत्महत्या करने की कोशिश की। दोनों को लहूलुहान हालत में नजदीक के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं आरोपी की पहचान हरविंदर मान उर्फ हैरी के रूप में हुई है, जिसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

ब्रेकअप बना वारदात की वजह

पुलिस जांच और शुरुआती इनपुट के अनुसार, डिंपल और आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी पिछले करीब तीन साल से एक ही पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में एक साथ काम कर रहे थे। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। हालांकि, दोनों के रिश्ते में कुछ समय पहले खटास आ गई और उनका ब्रेकअप हो गया।

ब्रेकअप के बाद से ही आरोपी हैरी पूरी तरह टूट चुका था और मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। उसने डिंपल के साथ दोबारा रिश्ता सुधारने और पैचअप करने की कई बार कोशिश की, लेकिन डिंपल इसके लिए तैयार नहीं थी। डिंपल के इनकार से परेशान होकर हैरी ने ये रास्ता चुना।

ऑफिस में घुसकर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार

गुरुवार देर शाम आरोपी हरविंदर मान गुस्से में आगबबूला होकर कंपनी के दफ्तर पहुंचा। वहां उसकी डिंपल के साथ किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि हैरी ने चाकू निकाला और दफ्तर के अन्य कर्मचारियों के सामने ही डिंपल पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। ऑफिस के भीतर अचानक हुए इस जानलेवा हमले को देखकर वहां मौजूद अन्य कर्मचारी बुरी तरह डर गए। डिंपल को लहूलुहान करने के बाद आरोपी ने उसी चाकू से अपने ऊपर भी वार कर सुसाइड का प्रयास किया।

घटनास्थल सील, फॉरेंसिक टीम और CCTV के जरिए जांच तेज

मोहाली के थाना फेज-11 के SHO अमन बैदवान ने बताया कि पुलिस को इस खूनी वारदात की सूचना वीरवार रात करीब 7:40 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया और हैरी का गंभीर हालत में इलाज जारी है। SHO ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम रात करीब 10 बजे तक मौके पर मौजूद रही। पूरे घटना स्थल को सील कर दिया गया है और फॉरेंसिक टीम ने फिंगरप्रिंट्स व अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दफ्तर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है।

थाना प्रभारी अमन बैदवान के मुताबिक, मृतका डिंपल के माता-पिता और परिजनों को पटियाला में सूचना दे दी गई है। परिजनों के मोहाली पहुंचते ही उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी के खिलाफ मर्डर का मामला दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश की जा रही है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article