Delhi News: दिल्ली की रोहिणी जेल में सोमवार दोपहर एक विचाराधीन कैदी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय प्रदीप उर्फ मोहिंदर के रूप में हुई है। वह सेंट्रल जेल नंबर-10 की बैरक नंबर 203 में न्यायिक हिरासत में बंद था। हमले के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोहिणी जेल में कैदी की हत्या
दो अन्य कैदियों ने किया धारदार हथियार से हमला
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 को बीएसए अस्पताल से रोहिणी की सेंट्रल जेल नंबर-10 के आर्म्स एक्ट के तहत बंद कैदी को घायल अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी। कैदी के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान था और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रदीप उर्फ मोहिंदर सोमवार को अपनी बैरक की ओर लौट रहा था। इसी दौरान दो साथी कैदियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई। वारदात के बाद जेल प्रशासन ने घायल कैदी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रहे
वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और समयपुर बादली थाने के एसएचओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सेंट्रल जेल नंबर-10 के साथ-साथ बीएसए अस्पताल जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक की मेडिकल रिपोर्ट (MLC) अपने कब्जे में ले ली है और जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और वारदात में शामिल कैदियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। हमले के पीछे की वजह और इस्तेमाल किए गए हथियार के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
