Ujjain Crime News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने देर रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। शहर के महाकाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नलिया बाखल इलाके में आपसी रंजिश के चलते 18 साल के एक युवक मोहित की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मृतक के परिजनों और दोस्तों ने अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम और महाकाल थाने के सामने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए तीन थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात करना पड़ा।
कैसे हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्जैन के रविशंकर नगर का रहने वाला मोहित (18 वर्ष), पुत्र प्रेम नारायण, अपने दोस्त हर्ष के जन्मदिन के मौके पर रात में अंगारेश्वर मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद वह अपने दो दोस्तों, हर्ष और आदी के साथ स्कूटर से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में मोहित के मोबाइल पर जतिन नाम के एक युवक का फोन आया। फोन पर हुई बातचीत के बाद मोहित अपने दोनों दोस्तों के साथ नलिया बाखल पहुंच गया। वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे 4 से 5 युवकों ने मोहित को चारों तरफ से घेर लिया और बिना कुछ सोचे-समझे उस पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
जब बदमाशों ने मोहित पर हमला किया, तो उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मोहित को लहूलुहान कर मौके से फरार हो गए। दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल मोहित को तुरंत स्कूटर पर लादकर चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। चरक अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक बताते हुए प्राथमिक चेकअप शुरू किया, जिसके बाद बेहतर इलाज की उम्मीद में दोस्त उसे एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि, निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को दोबारा चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया।
पोस्टमार्टम रूम और महाकाल थाने पर भारी बवाल
हत्या की खबर मिलते ही आधी रात को मृतक मोहित के परिजन और दर्जनों की संख्या में उसके दोस्त चरक अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने शवगृह के सामने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल, माधवनगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया और कोतवाली थाना प्रभारी दीनबंधु सिंह तोमर भारी पुलिस बल के साथ पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
थाने के सामने दूसरे युवक पर हमला
अस्पताल के बाद गुस्साए परिजन महाकाल थाने के सामने धरने पर बैठ गए। इसी दौरान पुलिस किसी दूसरे मामले में पूछताछ के लिए एक संदेही युवक को थाने लेकर आई थी। आक्रोशित परिजनों ने उस युवक को ही मोहित का हत्यारा समझ लिया और उस पर थाने के भीतर ही हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और परिजनों को समझाकर थाने से बाहर किया।
CCTV फुटेज आया सामने, कुछ संदिग्ध हिरासत में
इस पूरी जघन्य हत्या की वारदात का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर रही है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के बाद से ही पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों और घरों पर दबिश दे रही हैं। देर रात कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
