Twisha Sharma: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के कारण जान गंवाने वाली नोएडा की निवासी पूर्व मॉडल एवं अभिनेत्री ट्विशा शर्मा का रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। भोपाल के भदभदा घाट पर भाई ने बहन ट्विशा को मुखाग्नि दी। धार्मिक रीति-रिवाज पूरे किए जाने के बाद चिता को अग्नि दी गई। इससे पहले, रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित एम्स के चार डॉक्टरों ने ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया।
ट्विशा का भोपाल में हुआ अंतिम संस्कार
फूट-फूटकर रो पड़ी मां
श्मशान घाट पर अपनी बेटी के अंतिम संस्कार के दौरान ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और मां रेखा फूट-फूटकर रो पड़े। परिवार के सदस्यों ने भी ट्विशा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंतिम संस्कार से पहले पिता नवनिधि शर्मा ने एक भावुक संदेश जारी करते हुए कहा था, ''परिवार ने पिछले 13 दिनों में 'गहरे दुख, असहनीय पीड़ा और लंबे समय तक बनी अनिश्चितता' का सामना किया है।'' परिवार ने कहा कि अंतिम संस्कार में हुई देरी ने उनके भावनात्मक आघात को और बढ़ा दिया है, खासकर इसलिए क्योंकि हिंदू धर्म में मृत्यु के बाद के कई रीति-रिवाज पारंपरिक रूप से 13 दिनों की शोक अवधि के भीतर पूरे किए जाते हैं।
क्या है पूरा मामला?
भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को ससुराल वालों के मकान में ट्विशा शर्मा का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। उनके परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। हालांकि, ट्विशा के ससुराल वालों ने दावा किया है कि उसे नशे की लत थी।
पुलिस ने ट्विशा के पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह तथा उनकी मां एवं पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। समर्थ सिंह को 10 दिन तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के 22 मई के आदेश पर कार्रवाई करते हुए, एम्स दिल्ली ने रविवार को ट्विशा शर्मा के शव का दूसरा पोस्टमार्टम किया। इसके लिए एम्स दिल्ली से वरिष्ठ डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम भोपाल पहुंची थी।
