तीनों शहरों में वैसे तो कोई समानता नहीं है। फिर भी इस मायने में तीनों समान हैं कि इन शहरों में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। दुनियाभर के लोग भारत के इन तीनों ही शहरों में आते हैं और यहां की खूबसूरती को हमेशा के लिए अपनी आंखों में बसाकर ले जाते हैं। यही कारण है कि प्रतिष्ठित ट्रैवल मैगजीन Travel + Leisure की World's Best Awards 2026 रैंकिंग में भारत के तीन शहरों Mumbai, Jaipur और Udaipur ने दुनिया के टॉप-25 सर्वश्रेष्ठ शहरों में जगह बनाई है। यह लिस्ट दुनियाभर के यात्रियों की राय के आधार पर तैयार की गई, जिसमें 6.61 लाख से ज्यादा वोट मिले। चलिए जानते हैं इन शहरों ने किस-किस स्थान पर जगह बनाई -
तीनों शहरों में उदयपुर टॉप पर
हालांकि, भारत का कोई भी शहर टॉप 10 में जगह नहीं बना पाया, लेकिन 'झीलों की नगरी' के नाम से मशहूर उदयपुर को वर्ल्ड रैंकिंग में 12वां और एशिया में 8वां स्थान हासिल हुआ। अपनी भव्य झीलों, शाही महलों, हेरिटेज होटलों और समृद्ध राजस्थानी संस्कृति के कारण यह शहर हमेशा से विदेशी पर्यटकों की पसंद रहा है।
यहां कि लेक पिछोला में नौका विहार, सिटी पैलेस, सज्जनगढ़, बाग-बगीचे और पारंपरिक मेहमाननवाजी उदयपुर को खास बनाते हैं। यहां घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच माना जाता है।
जयपुर दुनिया के टॉप-20 में शामिल
गुलाबी नगरी के नाम से मशहूर राजस्थान की राजधानी जयपुर वैश्विक रैंकिंग में 16वें और एशिया में 10वें स्थान पर काबिज है। गुलाबी शहर अपने ऐतिहासिक किलों, राजमहलों, यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट और रंग-बिरंगे बाजारों के लिए दुनियाभर में मशहूर है।
आमेर का किला, हवा महल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर जैसे टूरिस्ट साइट हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। अक्टूबर से मार्च तक का मौसम यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है।
आमची मुंबई ने भी लिस्ट में
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को इस लिस्ट में 21वां स्थान मिला है, जबकि एशिया में यह 12वें स्थान पर है। महानगर को उसकी जीवंत संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, अलग-अलग तरह का फूड कल्चर, समुद्री तटों और आधुनिक जीवनशैली के अनोखे मेल के लिए सराहा गया है।
गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, जुहू बीच, बॉलीवुड और स्ट्रीट फूड मुंबई को दुनिया के सबसे अलग पर्यटन स्थलों में शामिल करते हैं। मुंबई की यात्रा के लिए नवंबर से फरवरी का समय सबसे अच्छा माना जाता है।
दुनिया के टॉप-5 शहरों के नाम क्या हैं?
Travel + Leisure World's Best Awards 2026 के अनुसार, मेक्सिको का सैन मिगुएल डी अयेंदे दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर चुना गया। इसके बाद क्योटो (जापान), चियांग माई (थाईलैंड), होई आन (वियतनाम) और ओआक्साका (मेक्सिको) ने टॉप पांच में जगह बनाई।
25 शहरों की इस लिस्ट में 3 भारतीय शहरों का शामिल होना एक उपलब्धि है। यह उपलब्धि न सिर्फ देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की वैश्विक पहचान को मजबूत करती है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार में भारत की बढ़ती लोकप्रियता का भी संकेत देती है।
