बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को निशाना बनाकर जुहू में की गई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शूटर्स द्वारा इस्तेमाल की गई बजाज पल्सर मोटरसाइकिल का ओनरशिप ट्रेल पूरी तरह से खंगाल लिया है। इसी कड़ी में बाइक के तीसरे मालिक रज्जब अली शेख सामने आए हैं और उन्होंने पूरे सौदे की जानकारी मीडिया और पुलिस के सामने रखी है। समाचार एजेंसी ANi से बातचीत में उन्होंने बताया कि किस तरह आपसी जान-पहचान के जरिए इस बाइक को 25,000-26,000 रुपये में बेचा गया था और खबर देखने के बाद उनके परिवार को विश्वास नहीं हुआ।
बाइक के मालिक ने बताई पूरी कहानी
'25-26 हजार में बेची थी बाइक, हमें नहीं पता था यह सब होगा'
बाइक के तीसरे मालिक रज्जब अली शेख ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि हमारी बाइक बाहर खड़ी रहती थी और इसे बेचने का मन था। मेरे भतीजे ने इसे बेचने का फैसला किया। जान-पहचान के जरिए किसी ने बाइक खरीदने में रुचि दिखाई। चूंकि सब आपसी दोस्तों के माध्यम से जुड़े हुए थे, इसलिए सौदा पक्का हो गया और हमने इसे 25,000 से 26,000 रुपये में बेच दिया। उन्होंने आगे बताया कि जब मीडिया में इस हमले की खबरें आईं और मुंबई पुलिस उनके घर पहुंची, तब जाकर उन्हें पूरी सच्चाई का पता चला। जब पुलिस हमारे घर आई, तब हमें एहसास हुआ कि जिस व्यक्ति को हमने गाड़ी बेची थी या शायद किसी और ने उसने इसका गलत काम के लिए इस्तेमाल किया है। हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि बाइक का इस्तेमाल कौन कर रहा था। अब जाकर साफ हुआ है कि यह हमारी ही बाइक थी। हमने तो गाड़ी बेची थी, लेकिन इसका गलत कामों में इस्तेमाल हो गया... हम सब बहुत चिंतित हैं।
'चौथी बार बिकी थी बाइक, पुलिस को करेंगे पूरा सहयोग'
रज्जब अली ने बताया कि वे इस गाड़ी के तीसरे मालिक थे और उन्होंने इसे चौथी बार किसी को बेचा था। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि कभी भी वाहन बेचते समय कागजी कार्रवाई को अधूरा न छोड़ें और पूरे डॉक्यूमेंटेशन के बाद ही गाड़ी सौंपें। उन्होंने आगे कहा कि मुंबई पुलिस का रवैया हमारे प्रति बहुत अच्छा रहा है। हमने उन्हें शुरुआत से लेकर अंत तक पूरी सच्चाई बता दी है। अगर पुलिस को इस मामले में गवाह बनने या आगे किसी भी जांच प्रक्रिया में हमारी जरूरत होगी, तो हम पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
अब तक क्या हुआ केस में?
गौरतलब है कि 18 अक्टूबर की शाम जुहू में बाइक सवार तीन बदमाशों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर अचानक गोलियां चला दी थीं, जिसमें उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए थे। घटना के बाद हमलावर अपनी पल्सर बाइक को अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर ट्रेन और कैब के जरिए भाग निकले थे। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सर्विलांस की मदद से तीनों आरोपियों, ऋतिक, फूल सिंह और रेहान को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से दबोच लिया।
