Bihar Bridge Collapse: बिहार में पुल गिरने का सिलसिला जारी है। भारी बारिश के बीच पुलों के ध्वस्त होने के कारण सार्वजनिक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। 22 जून को सिवान में गंडकी नदी पर बना पुल गिरा था। पुल पटेढ़ा और गरौली गांव के बीच बना हुआ बहुत पुराना पुल था। उसके बाद से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में ब्रिज गिरने का सिलसिला जारी है। सिवान में गड़क पुल गिरने के करीब 10 दिन के बाद जिले में तीन और पुल गिरने की खबर सामने आई है।
सिवान में एक ही दिन में तीन पुल ध्वस्त
एक ही दिन में गिरे तीन पुल
बिहार के सीवान जिले में एक ही दिन में तीन पुल टूटने की खबर सामने आई है। पुल टूटने की घटना महाराजगंज इलाके की है। एक दिन में तीन पुल टूटने के कारण कई गांवों के बीच संपर्क टूट गया। जानकारी के अनुसार, गंडकी नदी पर बने 2 पुल और धमही नदी पर बना एक पुल टूटा है। बताया जा रहा है कि पुल के नीचे से विभाग द्वारा अधिक मिट्टी के कटाव करने से ये हादसा हुआ। गनीमत ये है कि पुल टूटने के हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। देवरिया पंचायत के पडाइन टोला और सिकंदरपुर नौतन के बीच गंडकी नदी का पुल टूटा है। वहीं टेघड़ा पंचायत और तेवथा पंचायत के बीच धमही नदी का पुल टूटा है।
ये भी पढ़ें - Mumbai: GRP के सामने पति ने पत्नी का चाकू से काटा गला, रेलवे स्टेशन पर दिन दहाड़े हत्या की कोशिश
गड़की नदी पर पहले भी टूटा था पुल
बता दें कि 22 जून को गंडकी नदी पर पटेढ़ा बाजार और रामगढ़ा पंचायत के बीच गंडकी नदी पर बना पुल ताश की पत्तों की तरह भरभरा कर ढह गया था। उसके बाद किशनगंज, बहादुरगंज, मधुबनी और पूर्वी चंपारण में पुल गिरने की खबर सामने आई। इसके बाद सीवान में तीन ब्रिज गिरने से लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि इससे कई गांवों के बीच संपर्क टूटा हुआ है।
