शहर

जेब में सिर्फ 100 रुपये हों तो दिल्ली में क्या कुछ कर सकते हैं, यहां जानें

आपकी जेब में सिर्फ 100 रुपये हैं और आप दिल्ली घूमना चाहते हैं? बता दें कि 100 रुपये से कम में आप कुतुब मीनार, लाल किला और पुराना किला जैसे ऐतिहासिक स्थलों में घूम सकते हैं। म्यूजियम, पार्क, स्ट्रीट फूड और DTC बस पास के जरिए कम बजट में दिल्ली में इतिहास, संस्कृति और आधुनिकता सबका लुत्फ ले सकते हैं।

Image

दिल्ली में 100 रुपये में क्या-क्या कर सकते हैं?

दिल्ली देश की राजधानी है और देश भर से लोग रोजगार की तलाश में यहां आते हैं। बड़ी संख्या में लोग दिल्ली घूमने भी आते हैं। हो भी क्यों नहीं, दिल्ली हमेशा से देश की सत्ता का केंद्र जो रहा है। पौराणिक महाभारत काल से लेकर दिल्ली सल्तनत, मुगल काल और अंग्रेजों तक का इतिहास हर तरफ बिखरा पड़ा है। आजादी के बाद भी दिल्ली देश की राजधानी होने के नाते यहां विकास की रफ्तार काफी तेज रही है। यहां आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी ऐसा है कि लोग इन्हें देखने के लिए दिल्ली आते हैं। क्या कभी आपने सोचा है कि अगर आपकी जेब में सिर्फ 100 रुपये हों तो आप दिल्ली में क्या-क्या कर सकते हैं? चलिए जानते हैं -

इतिहास को करीब से निहारें

अगर आपकी जेब में सिर्फ 100 रुपये हैं तो आप दिल्ली में मौजूद कई ऐतिहासिक स्थलों में से किसी में भी जा कर इतिहास को करीब से देख सकते हैं। आप चाहें तो साउथ दिल्ली में कुतुब मीनार जा सकते हैं, कुतुब मीनार परिसर में जाने के लिए आपको 35 रुपये का टिकट लेना होगा। इसके अलावा वहां तक पहुंचने और कुछ पैसा आप चाट में खर्च कर सकते हैं। हालांकि, आसपास में और भी जगहें एक्सप्लोर कर सकते हैं। सेंट्रल दिल्ली में पुराना किला (किराया 30 रुपये) और जंतर मंतर (किराया 15 रुपये) भी देख सकते हैं। अगर पुरानी दिल्ली जाना हो तो आप 35 रुपये की टिकट लेकर लाल किला देख सकते हैं। इसके अलावा चांदनी चौक में जाकर स्ट्रीट फूड का भी लुत्फ ले सकते हैं।

म्यूजियम-स्यूजियम भी घूम सकते हैं

दिल्ली में घूमने को वैसे तो काफी कुछ है, लेकिन आप करीब 80 रुपये की टिकट लेकर नेशनल साइंस सेंटर घूम सकते हैं। करीब 100 रुपये का टिकट लेकर नेहरू तारामंडल और 50 रुपये की टिकट लेकर नेशनल रेल म्यूजियम भी देश सकते हैं।

खूबसूरत पार्क देख सकते हैं

अगर आपकी जेब में सिर्फ 100 रुपये हैं तो आप 50 रुपये खर्च करके सुंदर नर्सरी की सैर कर सकते हैं। अगर आपको प्रकृति से प्रेम है तो यकीन मानिए आप यहां बहुत एंजॉय करेंगे। इसके अलावा 50 रुपये की टिकट लेकर आप सराय काले खां के पास बांसेरा पार्क जा सकते हैं, जहां बांस के जंगल आपको काफी पसंद आएंगे। इसके अलावा 50 रुपये की टिकट लेकर आप वेस्ट टू वंडर पार्क घूम कर देख सकते हैं कि कैसे जिसे हम कचरा समझते हैं, उससे इस पार्क की सुंदरता बढ़ाई गई है। यही नहीं 80 रुपये की टिकट लेकर आप दिल्ली का चिड़ियाघर भी देख सकते हैं। 30 रुपये खर्च करके आप ओखला बर्ड सेक्चुरी देखने भी जा सकते हैं।

इसके अलावा आप INA और AIIMS के पास दिल्ली हाट जाकर भी कुछ समय गुजार सकते हैं। यहां का टिकट सिर्फ 30 रुपये का है। यहां से पास में ही सरोजिनी नगर मार्केट भी है, जहां से आप अपने लिए सस्ते में कुछ कपड़े खरीद सकते हैं।

बिना एंट्री फीस के यहां घूमें

अगर आप एंट्री फीस पर पैसा खर्च नहीं करना चाहते हैं तो आप साउथ दिल्ली में लोटस टेम्पल, लोदी गार्डन के साथ ही सेंट्रल दिल्ली में इंडिया गेट, वार मेमोरियल, अग्रसेन का बावली और पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर भी घूम सकते हैं। बिना एंट्री फीस के आप नोएडा हाट भी जा सकते हैं। 100 रुपये से कम में आप चांदनी चौक, लाजपत नगर, नोएडा अट्टा मार्केट, आदि में दिल्ली के स्ट्रीट फूड का लुत्फ ले सकते हैं.

सफर का इरादा हो तो ये करें

अगर दिल्ली देखने का इरादा हो तो आप सिर्फ सिर्फ 40 रुपये खर्च करके नॉन एसी और 50 रुपये का पास खरीदकर पूरे दिन DTC बस में सफर कर सकते हैं। अगर बजट थोड़ा ज्यादा हो तो दिल्ली मेट्रो में भी दिनभर के लिए 150 रुपये का पास मिलता है, जिसमें अलग से 50 रुपये का सेक्योरिटी डिपॉजिट होता है, जो बाद में वापस मिल जाता है। यही नहीं 60-80 रुपये का टिकट खरीदकर आप लोकल ट्रेन पकड़ सकते हैं और मथुरा पहुंच सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article