राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी रविवार यानी 22 फरवरी को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी बचे हिस्से का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही मेरठ साउथ से मोदीपुरम और न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक की सेवाएं शुरू हो जाएंगी। इस तरह पूरा 82 किलोमीटर लंबा सफर अब सिर्फ 50 मिनट में तय हो जाएगा, जिसे तय करने में पहले कई घंटों का समय लगता था।
82 किमी के कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होने से अब नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो एक साथ लोगों के सफर को सुहाना बनाएंगी। मोदीपुरम से मेरठ और फिर दिल्ली में सराय काले खां तक पूरा सफर मजह 50 मिनट में पूरा हो जाएगा। ज्ञात हो कि फिलहाल नमो भारत की सेवाएं मेरठ साउथ से दिल्ली में न्यू अशोक नगर तक ही उपलब्ध हैं। अभी नमो भारत कुल 55 किमी का सफर तय करती है।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो एक ही ट्रैक पर
पूरे कॉरिडोर के आम जनता के लिए खुल जाने के बाद नमो भारत ट्रेन और मेरठ मेट्रो दोनों एक ही रूट पर चलेंगी। वर्तमान में मेरठ साउथ से न्यू अशोक नगर तक 55 किलोमीटर के हिस्से में हर रोज 60 हजार से ज्यादा यात्री सफर कर रहे हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि पूरे कॉरिडोर के चालू होने पर दैनिक यात्रियों संख्या एक लाख के पार पहुंच जाएगी।
2010 में परिकल्पना 2019 में काम शुरू
रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की परिकल्पना साल 2010 में NCR Planning Board ने की थी। इसका उद्देश्य आसपास के क्षेत्रों को हाई स्पीड रेल से कनेक्टिविटी देना था। दिल्ली-मेरठ, दिल्ली-पानीपत और दिल्ली-अलवर सहित कुछ बड़े कॉरिडोर्स के लिए फिजिब्लिटी स्टडी की गई। इसके बाद National Capital Region Transport Corporation (NCRTC) ने परियोजना को लागू किया। 8 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजियाबाद में इसकी आधारशिला रखी। 20 जून 2019 को गाजियाबाद में रेपिड रेल के लिए सिविल कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हुआ।
नमो भारत की सेवाएं कैसे आगे बढ़ीं
1 जुलाई 2020 को मेरठ में पिलर बनाने का काम शुरू हुआ। कोविड-19 के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा और चरणबद्ध तरीके से विभिन्न सेक्शन भी शुरू होते गए। बात करें इसकी शुरुआत की तो पहले चरण में गाजियाबाद के साहिबाबाद स्टेशन से दुहाई डिपो तक 17 किमी के कॉरिडोर को आम जनता के लिए खोला गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्टूबर 2023 को इसका उद्घाटन किया। बाद में 18 अगस्त 2024 को नमो भारत की सेवाएं मेरठ साउथ तक शुरू हो गईं। फिर 5 जनवरी 2025 को नमो भारत रेपिड रेल की सेवाओं को दिल्ली में आनंद विहार और न्यू अशोक नगर तक बढ़ा दिया गया।
ट्रैफिक जाम से राहत, विकास को गति
मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल, मोदीपुरम में रहने वाले और अक्सर यहां सफर करने वाले लोगों को इस कॉरिडोर के खुलने का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार है। कॉरिडोर के पूर्ण संचालन से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। सुबह से रात तक उपलब्ध तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा न सिर्फ यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना एनसीआर में संतुलित शहरी विकास की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
