Karnal News: हरियाणा के करनाल में मंगलवार को एक तेज रफ्तार थार ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई। वहीं, थार चालक बचने के लिए स्कूटी चालक को घटनास्थल पर ही छोड़कर स्कूटी को घसीटता हुआ काफी दूर तक ले गया। हालांकि, पुलिस ने करीब एक किलोमीटर के बाद जाकर थार चालक को हिरासत में लिया।
सांकेतिक फोटो।
ऑफिस के लिए निकला था शख्स
बता दें कि थार की टक्कर के बाद स्कूटी सवार को लोगों ने संभाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। थार के टायर में एक्टिवा बुरी तरह फंसी हुई थी। मृतक की पहचान सेक्टर-5 के रहने वाले हरवंश गोविंद (50) के रूप में हुई है। वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। सुबह वह घर से एक्टिवा लेकर ड्यूटी के लिए निकले थे।
थार ने स्कूटी को घसीटा
इसी दौरान, जब वह साईं मंदिर के पास चौक पर पहुंचा तो पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने उसे टक्कर मार दी। उसकी एक्टिवा थार के अगले हिस्से में फंस गई। ड्राइवर ने रोकने के बाद थार की स्पीड बढ़ा ली। इसके बाद वह उसे घसीटती हुई ले गई। करीब 200 मीटर बाद हरवंश साइड में गिर गए। इसके बाद ड्राइवर थार लेकर फरार हो गया।
मौके पर ही हुई मौत
इसके बाद लोग तुरंत सड़क पर खून से लथपथ पड़े हरवंश के पास पहुंचे। लोगों ने देखा तो वह दम तोड़ चुका था। इसके बाद उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाकर उसे घटना की सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। घटना में थार और स्कूटी चकना चूर हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
