Thane Accident News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां सोमवार सुबह कल्याण-मुरबाड मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक सीमेंट मिक्सर और टैक्सी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
हादसा सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे मुरबाड के गोविली गांव के पास स्थित रायते पुल पर हुआ। जानकारी के अनुसार, वैन कल्याण से मुरबाड जा रही थी, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार सीमेंट मिक्सर के बीच आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अबतक कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है और 2 लोग घायल हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और चिकित्सा टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुट गईं। पुलिस और बचाव दलों ने क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। पुलिस क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करने में जुटी है।
मृतकों में 8 पुरुष, 3 महिलाएं
मुरबाड तहसीलदार अभिजीत देशमुख ने बताया कि वैन में सवार 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में आठ पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। अब तक छह मृतकों की पहचान हो चुकी है, बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के बाद कल्याण से अहिल्यानगर जाने वाले मार्ग पर कुछ घंटों तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में साफ कर दिया गया।
