शहर

Maharashtra Weather: बेमौसम बारिश के बाद अब 'लू' का टॉर्चर, महाराष्ट्र के इन जिलों में 42 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

Maharashtra Weather Update 13 April: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश के बाद भीषण गर्मी का अलर्ट जारी हुआ है। सांगली और सोलापुर में येलो अलर्ट है, मुंबई में खराब हवा और उमस। जानें अगले 72 घंटों में कैसा रहेगा मौसम।

Image

महाराष्ट्र के कई इलाकों में चलेगी लू

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश का दौर थमते ही अब सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) की स्थिति को देखते हुए नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।

लू और उमस का 'येलो अलर्ट' (Maharashtra IMD Alert Today)

उत्तर की ओर से आने वाली गर्म हवाओं और उच्च दबाव क्षेत्र के कारण पूरे महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने सांगली और सोलापुर जिलों के लिए अगले 72 घंटों का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इन क्षेत्रों में न केवल तापमान 38 डिग्री के पार जाएगा, बल्कि उमस (Humidity) के कारण बेचैनी भी अधिक महसूस होगी। विदर्भ और मराठवाड़ा में भी 18 अप्रैल तक लू चलने की संभावना जताई गई है।

मुंबई में गर्मी के साथ 'खराब' हवा (Mumbai Weather Today)

राजधानी मुंबई में आज, सोमवार को मौसम काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। आज उमस के साथ अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री के बीच रहेगा। तटीय शहर होने के कारण उमस 57% तक पहुंच गई है, जिससे असल तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो रही है। AQI की बात करें तो, मुंबई की हवा आज 'खराब' श्रेणी में है। यहां AQI 154 दर्ज किया गया है। पीएम 2.5 का स्तर बढ़ने के कारण सांस के मरीजों और बुजुर्गों को मास्क पहनने और दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

क्षेत्रवार मौसम का पूर्वानुमान

कोंकण क्षेत्र के ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दोपहर में लू चलने की आशंका है। तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। वहीं मध्य महाराष्ट्र की बात करें तो पुणे, कोल्हापुर और सतारा में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी देखी जा सकती है, लेकिन दोपहर बाद पारा तेजी से चढ़ेगा। यहां तापमान 36 से 38 डिग्री तक जा सकता है। मराठवाड़ा में छत्रपति संभाजीनगर, बीड और लातूर में गर्म और शुष्क हवाएं चलेंगी। 16-17 अप्रैल को यहां लू का प्रभाव सबसे अधिक रहने वाला है और विदर्भ में नागपुर, अकोला और अमरावती में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की तैयारी में है। विदर्भ में 17 और 18 अप्रैल को भीषण लू की चेतावनी दी गई है।

क्यों बढ़ रहा है पारा

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पूर्व से चलने वाली गर्म हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ में आए तीव्र बदलाव के कारण यह स्थिति बनी है। अगले 4 सप्ताह महाराष्ट्र के लिए सबसे गर्म साबित हो सकते हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि 17 अप्रैल को मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article