शहर

Thane News: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर चलती बाइक के ऊपर गिरा बड़ा सा बैनर, बाल-बाल बची महिला सवार

महाराष्ट्र में ठाणे के ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एक फुटओवर ब्रिज से जन्मदिन का बड़ा सा बैनर अचानक गिर गया। बैनर वहां से गुजर रही एक बाइक सवार महिला के ऊपर गिरा। इस घटना ने अवैध होर्डिंग और सार्वजनिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

महाराष्ट्र के ठाणे में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। तीन हाथ नाका स्थित फुटओवर ब्रिज पर लगाया गया विशाल जन्मदिन का बैनर अचानक नीचे गिर गया। घटना के समय पुल के नीचे से वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान बैनर एक बाइक सवार महिला के ऊपर आ गिरा। राहत की बात यह रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला की मदद की और यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बैनर गिरने के बाद लोगों की भागदौड़ दिखाई दे रही है।

सुरक्षा व्यस्था पर गंभीर सवाल हैं ये बैनर

इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर लगाए जाने वाले बड़े-बड़े बैनर और होर्डिंग की वैधता के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फुटओवर ब्रिज पर जन्मदिन का यह बैनर लगाया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इसे संबंधित प्रशासन की अनुमति से लगाया गया था या नहीं।

तेज हवा और बारिश में खतरा बढ़ाते बैनर

सार्वजनिक सड़कें, फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाए जाते हैं। ऐसे स्थानों पर भारी-भरकम बैनर लगाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है, खासकर बारिश और तेज हवा के दौरान। अगर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया हो, तो यह आम लोगों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ माना जा सकता है।

लापरवाही पर कार्रवाई का आश्वासन

स्थानीय प्रशासन से इस पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग उठ रही है कि बैनर किसकी अनुमति से लगाया गया, क्या निर्धारित नियमों का पालन किया गया था और यदि कोई लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अवैध होर्डिंग और प्रचार सामग्री के खिलाफ नियमित अभियान चलाना आवश्यक है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article