शहर

Bihar News: ये बिहार है बाबू... चकाचक कार में बैठा 'IAS', पुलिस वर्दी में सिक्योरिटी गार्ड और हो रही शराब तस्करी

पटना में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के अनोखे नेटवर्क का खुलासा किया। तस्कर खुद को आईएएस अधिकारी बताकर, पुलिस वर्दी और वीआईपी गाड़ी की आड़ में लाखों रुपये की शराब लेकर राजधानी पहुंच रहे थे।

बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। लेकिन शराबबंदी कानून को धता बताने के लिए शराब तस्कर लगातार नए-नए हथकंडे अपनाते रहते हैं। इस बार पटना Excise Department ने शराब तस्करी के ऐसे नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसमें तस्कर खुद को वरिष्ठ IAS Officer बताकर VIP सुरक्षा का दिखावा करते हुए राजधानी तक शराब पहुंचा रहे थे। विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लाखों रुपये मूल्य की अवैध शराब के साथ एक लग्जरी इनोवा क्रिस्टा कार भी जब्त की है।

एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारियों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक इनोवा क्रिस्टा को रोका गया। गाड़ी पर 'आयुक्त, कृषि विभाग' का बोर्ड लगा हुआ था। इतना ही नहीं, गाड़ी पर वरिष्ठ अधिकारियों को मिलने वाली VIP सिग्नल लाइट भी लगी थी, जिससे पहली नजर में यह सरकारी गाड़ी ही लग रही थी।

पुलिस और जांच एजेंसियों को धोखा देने की साजिश

जांच के दौरान पता चला कि गाड़ी में बैठा एक व्यक्ति खुद को IAS अधिकारी के तौर पर प्रस्तुत कर रहा था। उसके साथ एक ड्राइवर और पुलिस की वर्दी पहने एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था, जो सुरक्षा कर्मी की भूमिका निभा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरा इंतजाम जांच एजेंसियों और पुलिस की नजर से बचने के मकसद से किया गया था।

पटना में खपाई जानी थी अवैध शराब

तलाशी के दौरान गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि शराब की खेप राजधानी पटना में आपूर्ति के लिए लाई जा रही थी। बरामद शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। हालांकि, विभाग ने अभी इसकी सटीक मात्रा और कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।

पुलिस ने पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू की

उत्पाद विभाग ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही यह भी जांच शुरू कर दी गई है कि फर्जी सरकारी पहचान, वीआईपी बोर्ड, सिग्नल लाइट और पुलिस की वर्दी की व्यवस्था कैसे की गई तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद तस्करों द्वारा एम्बुलेंस, दूध के टैंकर, सब्जी और फल से लदे वाहनों सहित विभिन्न तरीकों से शराब की तस्करी के मामले सामने आते रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस बार अपनाया गया तरीका बेहद सुनियोजित और असामान्य था, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article