दिल्ली : रिलीज के बाद से ही चर्चाओं में बनी नितेश तिवारी निर्देशित फिल्म 'रामायण' की टीम ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस भेंट में अभिनेता रणबीर कपूर, अभिनेत्री साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म के निर्माता शामिल रहे। फिल्म के आधिकारिक एक्स हैंडल 'द वर्ल्ड ऑफ रामायण' और अमित शाह ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें टीम के सदस्य गृह मंत्री के साथ संवाद करते नजर आ रहे हैं।
नई दिल्ली में गृह मंत्री शाह से टीम रामायण ने मुलाकात की (फोटो-@AmitShah)
मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए गृह मंत्री ने टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने अपने जीवन से कर्तव्यपालन, त्याग और सत्यनिष्ठा के जो आदर्श स्थापित किए हैं, उन्हें आधुनिक सिनेमाई तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना एक अभिनव प्रयास है। दूसरी ओर, मेकर्स की तरफ से पोस्ट किए गए संदेश में कहा गया कि देश-विदेश के सिनेमाघरों में फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स के बीच गृह मंत्री से यह मुलाकात पूरी टीम के लिए बेहद खास रही।
इस मुलाकात के साथ ही फिल्म जगत से आ रही प्रतिक्रियाओं ने भी चर्चा तेज कर दी है। निर्देशक एसएस राजामौली ने फिल्म के भव्य पैमाने और विजुअल्स की तारीफ करते हुए लिखा कि वनवास के बाद के दृश्यों में राम के रूप में रणबीर कपूर शांत लेकिन प्रभावशाली दिखे हैं। उन्होंने रावण की भूमिका में यश के अभिनय को दमदार और सीता के रूप में साई पल्लवी की उपस्थिति को बेहद सहज बताया, साथ ही प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स की खास तौर पर सराहना की।
साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने इस फिल्म को भारतीय सिनेमा का स्तर ऊंचा उठाने वाली कोशिश करार दिया और कहा कि अपनी संस्कृति और कहानियों को वैश्विक मंच पर ले जाने वाले ऐसे प्रयासों को सभी का समर्थन मिलना चाहिए। अभिनेता विजय देवरकोंडा ने भी मुख्य कलाकारों के अभिनय की तारीफ करते हुए निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और संगीतकार जोड़ी एआर रहमान व हंस जिमर के काम को सराहा। इसके अलावा, फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अनुपम खेर ने एक वीडियो संदेश जारी कर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि सभी कलाकारों व तकनीशियनों की मेहनत को दुनिया भर के दर्शकों का प्यार मिलेगा।
