महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ होने वाले सबसे घृणित अपराधों की लिस्ट में निश्चित तौर पर सबसे ऊपर बलात्कार के मामले ही आते हैं। देश में महिलाओं और बच्चियों के साथ रेप के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। इन मामलों को लेकर हर किसी की संवेदना पीड़ित महिला या लड़की के सात ही उसके परिवार के साथ होती है। पुलिस भी आमतौर पर ऐसे मामलों की बड़ी ही संजीदगी से जांच करती है। लेकिन 10 साल की बच्ची के कथित तौर पर रेप और हत्या के मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंची पुलिस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पुलिसकर्मी हंसते-खिलखिलाते हुए दिख रहे हैं। पुलिसकर्मियों में से एक महिला भी है।
कोयंबटूर रेप-हत्याकांड में प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले खिलखिलाकर हंसते पुलिस अधिकारी
मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर का है। यहां कथित तौर पर 10 साल की बच्ची के रेप और हत्या के मामले में पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थी। लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले के एक वीडियो पर हर कोई पुलिस की संवेदनहीनता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। एक तरफ बच्ची के लिए शोक है और हर कोई न्याय की मांग हो रही है और दूसरी तरफ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस की बेशर्म हंसी, जिसने लोगों का गुस्सा भड़का दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों को खूब बुरा-भला कह रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यूजर्स पुलिस की संवेदनहीनता की बातें कर रहे हैं। लोग बातें कर रहे हैं कि पुलिस किस तरह से बच्ची के साथ बलात्कार के मामले में संवेदनहीनता दर्शा रहे हैं। बलात्कार और हत्या जैसे मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है।
लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं, एक तरफ बच्ची की विभत्स हत्या के चलते पूरे राज्य में शोक की लहर है और दूसरी तरफ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ब्रीफिंग के दौरान ठहाके लगाते हुए दिख रहे हैं।
वीडियो में ठहाके लगाकर हंसते हुए जो महिला अधिकारी दिख रही हैं, वह वेस्ट जोन की इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस आरवी रम्या भारती हैं।
