श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की जांच अब NIA के हवाले, पाकिस्तान कनेक्शन की होगी पड़ताल

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके की जांच NIA को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, पाकिस्तान बॉर्डर के पास ड्रोन से IED और हथियार पहुंचाए गए थे।

राजस्थान के श्रीगंगानगर (Sri GangaNagar, Rajasthan) में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जांच करेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए इसकी जांच NIA को सौंप दी है। अब तक इस मामले की जांच जिला पुलिस कर रही थी। पुलिस ने जांच से जुड़ी फाइल तैयार कर ली है। जल्द ही NIA के अधिकारी श्रीगंगानगर पहुंचेंगे और मामले की जांच अपने हाथ में लेंगे। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों महकदीप, दविंदर सिंह और हरदीप सिंह को पकड़ा है। अब इन तीनों आरोपियों को भी NIA के हवाले किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस अब तक की जांच में जुटाए गए सबूत और जरूरी दस्तावेज भी जांच एजेंसी को सौंपेगी।

sriganganagar railway track blast nia investigation pakistan drone connection

अब NIA खंगालेगी आतंकियों का नेटवर्क (सांकेतिक तस्वीर, साभार- iStock)

क्या है पूरा मामला?

यह मामला श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट से जुड़ा है। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के लिए IED यानी विस्फोटक बम का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस की जांच में यह भी पता चला कि इस घटना में इस्तेमाल किए गए IED और हथियार पाकिस्तान सीमा के पास ड्रोन के जरिए पहुंचाए गए थे। बताया गया है कि जैसलमेर और गुरदासपुर के पास पाकिस्तान बॉर्डर पर ड्रोन के जरिए ये सामान गिराए गए थे। इसके बाद इन्हें रेलवे ट्रैक पर धमाके के लिए इस्तेमाल किया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लखनऊ में आज अपनी ताकत दिखाएंगे ओवैसी-आजाद

आतंकवादी घटना मानकर होगी जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे आतंकवादी घटना मानकर जांच आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसी वजह से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी जांच NIA को सौंप दी है। अब एजेंसी इस बात का पता लगाएगी कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और उन्हें विस्फोटक और हथियार कहां से मिले। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि क्या इस घटना के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था। पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक पहुंचाए जाने की बात सामने आने के बाद इस मामले की जांच और भी अहम हो गई है।

अब तक कौन कर रहा था जांच?

अब तक इस मामले की जांच ट्रेनी IPS अधिकारी और सीओ सिटी नितिन चौधरी कर रहे थे। जिला पुलिस ने अपनी जांच से जुड़ी फाइल तैयार कर ली है। NIA के अधिकारी श्रीगंगानगर पहुंचकर पुलिस से पूरा मामला समझेंगे। इसके बाद आरोपियों और जांच से जुड़े दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे। फिलहाल जांच एजेंसी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि रेलवे ट्रैक पर धमाका करने की साजिश किसने रची और पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक पहुंचाने में कौन-कौन शामिल था। NIA की जांच में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed