राजधानी दिल्ली के साउथ जिले में रविवार तड़के पुलिस और एक खूंखार अपराधी के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। मैदान गढ़ी थाना इलाके में हुई इस मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश सावन उर्फ 'मुच्छड़ मामा' के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार तड़के हुआ एनकाउंटर
डकैती की योजना की मिली थी गुप्त सूचना
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, उन्हें पुख्ता इनपुट मिला था कि हत्या और डकैती जैसे संगीन मामलों में वांछित चल रहा एक इनामी बदमाश मैदान गढ़ी इलाके में डकैती की किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आने वाला है। सूचना मिलते ही मैदान गढ़ी थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने इलाके में घेराबंदी कर रणनीतिक ट्रैप लगाया।
सुबह 6:30 बजे रोका तो पुलिस पर झोंका फायर
रविवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस टीम ने बाइक पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाश ने आपा खो दिया और पकड़े जाने के डर से पुलिस टीम पर सीधे जानलेवा फायरिंग कर दी। बदमाश की गोली से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। लिस की एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह बाइक समेत वहीं गिर पड़ा और पस्त हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
यूपी पुलिस से घोषित था 1 लाख का इनाम
पुलिस पूछताछ और रिकॉर्ड खंगालने पर घायल बदमाश की पहचान सावन उर्फ 'मुच्छड़ मामा' के रूप में हुई। सावन पर उत्तर प्रदेश में 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह हत्या, डकैती, लूट और रंगदारी जैसे कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
