सीवान में जनरल स्टोर दुकानदार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नदीम हुसैन को दुकान के अंदर बंद कर पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पटना-सीवान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आगजनी और जमकर हंगामा हुआ।
सीवान में युवक की हत्या के बाद हंगामा
मामला जीबी नगर तरवारा थाना क्षेत्र के तरवारा बाजार का है। मृतक की पहचान नदीम हुसैन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बीती रात नदीम अपनी दुकान के अंदर थे। इसी दौरान कथित तौर पर दुकान में पेट्रोल डालकर उन्हें आग के हवाले कर दिया गया। वारदात के बाद दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया गया, ताकि किसी को घटना की जानकारी तुरंत न मिल सके।
शव रखकर पटना-सीवान मुख्य मार्ग जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने नदीम के शव को सड़क पर रखकर पटना-सीवान मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर रखे सामान में आग भी लगा दी, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हंगामे की सूचना पर सदर एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता और सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों और परिजनों से बातचीत की। एसडीएम आशुतोष कुमार गुप्ता ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया गया।
वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की बहनों अफसाना खातून और तबस्सुम ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
जनरल स्टोर दुकानदार नदीम हुसैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में तनाव। परिजनों का आरोप है कि नदीम को दुकान के अंदर बंद कर जिंदा जला दिया गया। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने पटना-सीवान हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आगजनी भी की गई।
आशुतोष कुमार गुप्ता – एसडीएम, सीवान
