वक्फ कानून के खिलाफ हंगामा! मुर्शिदाबाद में इंटरनेट सेवाएं निलंबित, जानें अब कैसे हैं हालात

मुर्शिदाबाद में वक्फ संसोधन कानून को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में हिंसा भड़कने के बाद आज स्थिति शांतिपूर्ण है। हालांकि इंटरनेट सेवाएं यहां पर बाधित की गई है। 11 अप्रैल की शाम तक यहां इंटरनेट सेवाएं बाधित रहने वाली हैं।

पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम को लेकर विरोध प्रदर्शन के बाद हिंसा भड़क गई थी। हालांकि आज यानी बुधवार को इस जिले में स्थिति शांतिपूर्ण रही और किसी अप्रिय घटना की कोई खबर नहीं है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रघुनाथगंज और सुती पुलिस थाना क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों खासकर जंगीपुर शहर और उसके आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि जंगीपुर और आसपास के इलाकों में मंगलवार दोपहर को बड़ी संख्या में लोग इस कानून को वापस लेने की मांग करने के लिए एकत्र हुए थे। किसी भी गलत सूचना के प्रसार को रोकने के मकसद से जंगीपुर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं निलंबित रखी गईं।

Police

सांकेतिक तस्वीर

11 अप्रैल तक सस्पेंड रहेगी इंटरनेट सेवाएं

अधिकारी ने कहा, ‘‘स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। जिले में कहीं से भी एक भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। निषेधाज्ञा लागू है और यह 10 अप्रैल शाम छह बजे तक जारी रहेगी, जबकि इंटरनेट सेवाएं 11 अप्रैल शाम छह बजे तक निलंबित रहेगी।’’ वक्फ विधेयक के विरोध में जंगीपुर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-12 पर मंगलवार दोपहर को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एकत्र हुए और उन्होंने इलाके में तैनात पुलिस बल पर पथराव किया। प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पुलिस के कुछ वाहनों को आग लगा दी गई। जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। अधिकारी ने बताया कि पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।

End of Feed