शहर

आपके शहर में यहां हैं ज्वैलरी की बेस्ट शॉप्स; आज यहां से करें शॉपिंग, जानिए धनतेरस पर शुभ मुहूर्त

दिवाली से पहले धनतेरस के अवसर पर सोना खरीदने का रिवाज है। इस दौरान लोग काफी मात्रा में सोना और सोने के गहने खरीदते हैं। अगर आप भी सोने की शॉपिंग करने का मन बना रहे हैं तो यहां जानिए धनतेरस पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त क्या है और अपने शहर में कहां से शॉपिंग करें।

Image

अपने शहर में यहां से करें शॉपिंग (फोटो - Meta AI)

Photo : Times Now Digital

आज यानी 29 अक्टूबर को धनतेरस है। दिवाली से पहले धनतेरस एक ऐसा अवसर होता है, जब हर कोई सोना-चांदी और घर के लिए बर्तन खरीदता है। अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार सभी धनतेरस पर जेवर और सोना-चांदी खरीदते हैं। चलिए जानते हैं धनतेरस पर कब शुभ मुहूर्त है और आप अपने शहर में कहां से सोने-चांदी और अन्य धातु के गहने या सिक्के खरीद सकते हैं। हालांकि, शहर के अलग-अलग हिस्सों में ज्वैलर्स मिल जाते हैं, लेकिन अपने शहर में एक ही जगह पर बहुत से विकल्प जानने हों तो आपने सही खबर पर क्लिक किया है।

आपके शहर में कहां से करें सोने की खरीदारी

आपके शहर में लगभग हर गली-नुक्कड़ पर ज्वैलरी शॉप मिल जाती हैं। आप चाहें तो वहां से सोने की खरीदारी कर सकते हैं। इसके अलावा भारत में ज्यादातर लोगों के अपने पुश्तैनी ज्वैलर्स भी होते हैं और लोग हर अवसर पर वहीं से सोने की शॉपिंग करना पसंद करते हैं। यहां हम आपके लिए आपके शहर के उन इलाकों की जानकारी लेकर आए हैं, जहां आपको एक ही जगह पर छोटे-बड़े कई ज्वैलर्स मिल जाएंगे, जहां से आप धनतेरस पर सोने की शॉपिंग कर सकते हैं।

दिल्ली में कहां से खरीदें सोना

अगर आप देश की राजधानी दिल्ली में रहते हैं या आसपास के इलाकों में भी रहते हैं तो आपको पता ही होगा कि दिल्ली में सदर बाजार, चांदनी चौक और करोल बाग सोने की खरीदारी के लिए बेस्ट हैं। चांदनी चौक पराठे वाली गली से जब आप फतेहपुरी की तरफ बढ़ते हैं तो सामने की ओर राय केदार मार्ग और उसके पीछे ज्वैलरी की बड़ी मार्केट है। इसके अलावा सदर बाजार भी होलसेल ज्वैलरी की बड़ी मार्केट है। दिल्ली के करोल बाग में आर्य समाज मार्ग और सरस्वती मार्ग पर बड़े-बड़े ज्वैलर्स के आउटलेट्स मौजूद हैं। आप इस दिवाली वहां से भी सोने की खरीदारी कर सकते हैं।

नोएडा-गाजियाबाद में ज्वैलरी शॉपिंग

अगर आप नोएडा में रहते हैं या नोएडा से ज्वैलरी की शॉपिंग करना चाहते हैं तो इसके लिए बेस्ट जह नोएडा के सेक्टर-18 और सेक्टर 27 हैं। कैप्टन विजयंत थापर मार्ग के दोनों ओर सेक्टर-18 और सेक्टर 27 में छोटे-बड़े कई ज्वैलर्स के आउटलेट्स मौजूद हैं। यहां से आप अपनी मनचाही ज्वैलरी खरीद सकते हैं। अगर आप गाजियाबाद से सोना खरीदने का मन बना रहे हैं तो यहां दिल्ली गेट मेन रोड और ओल्ड मुंसफी रोड पर कई ज्वैलर्स हैं, जहां से आप खरीदारी कर सकते हैं।

मुंबई में सोने की खरीदारी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की चकाचौंध का हर कोई दीवाना है। यहां अगर आप सोने की खरीदारी करना चाहते हैं तो आपको दक्षिण मुंबई में भूलेश्वर रोड पर ज्वैलरी बाजार का रुख करना चाहिए। यहां पर कई बड़े-बड़े ब्रांड के आउटलेट हैं, जहां से आप एक से बढ़कर एक डिजाइन के गहने खरीदकर अपनी खूबसूरती को और भी बढ़ा सकते हैं।

लखनऊ-कानपुर और पटना वाले यहां से करें शॉपिंग

लखनऊ में सोने की खरीदारी करनी है तो इसके लिए आपको पुलिस लाइन के पास सेक्टर-बी रोड और मंदिर मार्ग के बीच ज्वैलरी मार्केट का रुख करना चाहिए। यहां पर कई छोटे-बड़े ज्वैलर्स के आउटलेट हैं। कानपुर में माल रोड पर परेड चौराहा के आसपास कई ज्वैलर्स हैं, जहां से आप धनतेरस पर खरीदारी कर सकते हैं। बिहार की राजधानी पटना में ज्वैलरी की खरीदारी के लिए आपको गांधी मैदान रोड से जाने वाले बाकरागंज मार्ग पर जाना चाहिए। यहां पर आपको ज्वैलरी के कई ऑप्शन्स मिल जाएंगे।

धनतेरस पर खरीदारी का शुभ मुहूर्त मंगलवार 29 अक्टूबर को सुबह 10.31 से बुधवार 30 अक्टूबर को सुबह 6.32 बजे तक है। इस शुभ मुहूर्त में आप हर तरह के सामान की खरीदारी कर सकते हैं। बात करें अभिजीत मुहूर्त की तो यह 29 अक्टूबर को सुबह 11:52 बजे से 12:27 बजे तक है।

धनतेरस चौघड़िया मुहूर्त 2024 (Dhanteras Choghadiya Muhurat 2024) सुबह 10:31 बजे से दोपहर 1:28 बजे तक चर, लाभ और अमृत मुहूर्त है। दोपहर में 2:51 बजे से शाम 4:15 बजे तक शुभ मुहूर्त है। शाम को लाभ मुहूर्त का समय 7:15 बजे से 8:51 बजे के बीच है और रात के शुभ, अमृत व चर मुहूर्त रात 10:28 बजे से बुधवार 30 अक्टूबर 03:18 बजे तक है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article