केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा और करारा हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि राहुल गांधी अपनी लगातार हार से बौखला गए हैं और अब देश में अराजकता और अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हैं। शिवराज ने दो टूक अंदाज में कहा कि यह भारत है, बांग्लादेश नहीं है और यहां ऐसी नापाक कोशिशें कभी सफल नहीं हो सकतीं।
केंद्रीय मंत्री शिवराज का राहुल गांधी पर फूटा गुस्सा
अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी जैसा झूठ बोलने वाला इंसान आज तक नहीं देखा। उनके इरादे अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुके हैं और उनके दिल की बात जुबान पर आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं, जबकि राहुल गांधी को जनता बार-बार नकार चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी 99 बार चुनाव हार चुके हैं और चाहे हालात कैसे भी हों, उनकी हार का सिलसिला थमने वाला नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'पति से जान का खतरा, हत्या की साजिश', अस्पताल से बाहर आईं उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री, जांच के लिए नौ सदस्यीय SIT गठित
शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि जब से बांग्लादेश में राजनीतिक घटनाक्रम हुआ है, तब से विपक्षी नेताओं के मन में लड्डू फूट रहे हैं। चुनाव में जीत हासिल न कर पाने के कारण अब लोगों को झूठ और अफवाहें फैलाकर भड़काने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सभी लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं, जो मुट्ठी भर लोग मिलकर देश की शांति को भंग करना चाहते हैं।
भारतीय संस्कृति और मूल्यों का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम भगवान राम की नीति को पूजने वाले लोग हैं। देश विरोधी और नकारात्मक राजनीति करने वालों को भारत की जागरूक जनता हमेशा की तरह करारा जवाब देगी और सिरे से नकार देगी।
