Odisha News: ओडिशा के मयूरभंज जिले में रविवार को अचानक आए तेज तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। करंजिया क्षेत्र में आए प्रबल ‘नॉरवेस्टर’ (कालबैसाखी) तूफान ने स्थानीय लोगों में खौफ पैदा कर दिया। तेज हवा और चक्रवाती झोंकों के कारण कई गांवों में मकानों को गंभीर नुकसान पहुंचा और सामान्य जीवन प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, जिले का किया गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। अचानक आई बवंडर जैसी तेज हवाओं ने गांव में भारी तबाही मचाई। कई कच्चे और फूस से बने घरों की छतें उड़ गईं। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक, इस तूफान से लगभग 70 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई परिवार अब अपने घरों के टूट जाने के कारण खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
मयूरभंज में नॉरवेस्टर तूफान का खौफ
कम से कम 10 लोग घायल
इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है। इनमें से एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल में स्थानांतरित किया जाएगा। तूफान के कारण इलाके में कई बड़े पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। कई सड़कों पर पेड़ गिर जाने के कारण यातायात बाधित हो गया है, और तेज हवाओं की वजह से सड़क पर चल रहे वाहन भी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
राहत और सहायता कार्य शुरू करने की तैयारी
घटना के दौरान एक डरावना दृश्य भी देखने को मिला, जब तेज हवाओं के झोंकों से एक ऑटो-रिक्शा उछलकर पास के तालाब में गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा ले रही हैं। प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए राहत और सहायता कार्य शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द जरूरी मदद प्रदान की जा सके।
ओडिशा के मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि, ओड़िशा में 15 मार्च से 19 मार्च तक कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं (30-50 किमी/घंटा) के झोंके देखने को मिल सकते हैं। 16 मार्च को कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की संभावना भी जताई गई है। तापमान में अगले कुछ दिनों में कोई विशेष बदलाव नहीं रहने की संभावना है, हालांकि बाद के दिनों में धीरे-धीरे 2-3°C तक गिरावट आ सकती है।
