Udaipur Accident: उदयपुर के पुराने अहमदाबाद हाईवे पर हुए एक गंभीर सड़क हादसे में दो कारों की टक्कर के कारण चार युवकों की मौत हो गई और छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हादसा शनिवार तड़के सवीना थाने के अंतर्गत नेला तालाब के पास हुआ। मृतक सभी उदयपुर के निवासी थे। सवीना थाने के अधिकारी अजयराज सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मुर्शिद नगर निवासी मोहम्मद अयान (17), बरकत कॉलोनी के आदिल कुरैशी (14), मल्लातलाई के शेर मोहम्मद (19) और सवीना निवासी गुलाम ख्वाजा (17) के रूप में हुई है।
उदयपुर में भीषण सड़क हादसा
चाय पीने जा रहे थे 6 दोस्त
बताया जा रहा है कि छह दोस्त ‘महफिल-ए-मिलाद’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से चाय पीने हाईवे की ओर जा रहे थे, तभी उनकी कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दूसरी कार गुजरात नंबर की थी और यह चूरू जिले के राजगढ़ से गुजरात के वापी की ओर जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, इस कार में सवार चार लोग घायल हुए हैं और उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, पहले हादसे वाली कार में सवार युवकों के दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पंजाब के बठिंडा में भी हुआ सड़क हादसा
इसके साथ ही, पंजाब के बठिंडा जिले के गुरथारी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक वाहन के डिवाइडर से टकराने से महिला कांस्टेबल समेत पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह हादसा तब हुआ जब वाहन में सवार लोग बठिंडा से डबवाली की ओर जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले सभी व्यक्ति गुजरात के निवासी थे।
घटना के तुरंत बाद पीड़ितों को बठिंडा स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान सतीश, भरत, अर्जुन, जनक और अमिता के रूप में हुई है। उनकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच थी। इनमें अमिता गुजरात पुलिस में महिला कांस्टेबल के रूप में तैनात थीं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सिविल अस्पताल भेजा गया है।
(इनपुट - भाषा)
