Andhra Pradesh Accident: आंध्र प्रदेश के प्रकासम जिले में तड़के एक के बाद एक कई एक्सीडेंट हो गए। इन दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है और आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। ये सब हादसे ओंगोल शहर के पास नेशनल हाईवे 16 पर हुए।
ओंगोल में भिड़ीं एक के बाद एक कई गाड़ियां
रविवार की सुबह ओंगोल के पास नेशनल हाईवे 16 पर हुई सिलसिलेवार सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि पहली दुर्घटना तड़के करीब 4:50 बजे ओंगोल ईस्ट बाईपास के पास हुई, जब टायर पंक्चर होने के कारण लेन एक पर खड़े एक ट्रक को एक वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे ट्रक चालक और दो खलासियों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के कारण एक किलोमीटर से अधिक लंबा यातायात जाम लग गया।
पुलिस ने बताया कि इसके तुरंत बाद, एक हार्वेस्टर वाहन ने एक पोल्ट्री वाहन को टक्कर मार दी, जिससे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा, यातायात जाम के कारण खड़े एक ट्रक को एक कार ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें गुंटूर जिले के छह यात्री सवार थे। यह कार अमरावती से तिरुपति जा रही थी। फिर एक दूसरे ट्रक ने पीछे से कार को टक्कर मार दी, जिससे कार दो भारी वाहनों के बीच में फंस गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस उपाधीक्षक आर श्रीनिवास ने यह जानकारी दी कि यह पूरा घटनाक्रम 15-20 मिनट के भीतर हुआ। पुलिस को ऐसा संदेह है कि ट्रक चालकों ने लापरवाही से गाड़ी चलाई। इसके अलावा सड़क पर उचित रोशनी और लेन मार्किंग की कमी भी थी।
पुलिस ने ट्रक चालकों को हिरासत में ले लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
(इनपुट-भाषा)
