एक बार फिर एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। शुक्रवार को नशे में धुत एक यात्री ने एयर होस्टेस को गलत तरीके से छुआ। जिसकी शिकायत करने पर आरोपी को फ्लाइट लैंड करने के बाद हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने रविवार को बताया कि शुक्रवार को दिल्ली से शिरडी की इंडिगो की फ्लाइट में एक व्यक्ति ने एयर होस्टेस के साथ छेड़खानी की। आरोपी नशे में धुत था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपी ने फ्लाइट के टॉयलेट के पास एयर होस्टेस को गलत तरीके से छुआ। जिसके बाद एयर होस्टेस ने अपने क्रू मैनेजर को इस अभद्र हरकत के बारे में बताया। क्रू मैनेजर की शिकायत पर फ्लाइट के शिरडी एयरपोर्ट पर उतरते ही सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया।
आरोपी को राहाता पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां उसपर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि उसने शराब पी रखी थी। अधिकारी ने जानकारी दी है कि आरोपी को राहाता पुलिस ने नोटिस भेजा है।
इस संबंध में शिरडी के SDPO शिरीष वामने ने कहा, "आरोपी की पहचान राजस्थान के चुरू जिले के निवासी संदीप कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के समय वह नशे में पाया गया था, जिसकी पुष्टि मेडिकल जांच से हुई है।" उन्होंने ये भी कहा कि शिरडी एयरपोर्ट पर तैनात एयरलाइन के अधिकारी ने राहाता पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर संबंधित यात्री के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।"
(इनपुट- पीटीआई)
