Monsoon 2026: मानसून अब अपने अंतिम चरण में है। इस बीच देश के मौसम को लेकर चिंता बढ़ाने वाला पूर्वानुमान सामने आया है। सितंबर 2026 में देशभर में सामान्य से कम बारिश होने की सबसे ज्यादा संभावना जताई गई है। वहीं, देश के अधिकांश हिस्सों में मासिक औसत अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। मतलब सितंबर में बारिश की कमी के साथ कई इलाकों में गर्मी और उमस का असर भी बना रह सकता है।
मौसम विभाग के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार, सितंबर में पूरे देश में बारिश लॉन्गटर्म औसत (LPA) के 91 फीसद से कम रहने की सबसे ज्यादा संभावना है। हालांकि, देश के कुछ हिस्से ऐसे भी हैं, जहां सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश भी हो सकती है।
यहां सामान्य से ज्यादा बारिश की उम्मीद
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, पूर्वी-मध्य भारत और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में सितंबर के महीने में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इसके विपरीत देश के कई अन्य हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रह सकती है।
बारिश का यह पूर्वानुमान इसलिए भी अहम है, क्योंकि सितंबर मानसून का आखिरी प्रमुख महीना होता है। इस दौरान बारिश में कमी का असर खेती, जल संसाधनों और मानसून की कुल मौसमी स्थिति पर पड़ सकता है।
देश के अधिकांश हिस्सों में बढ़ेगा तापमान
तापमान को लेकर भी IMD का पूर्वानुमान राहत देने वाला नहीं है। सितंबर के दौरान देश के अधिकतर हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी ज्यादातर इलाकों में सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे रह सकता है।
El Nino होगा और भी मजबूत
मौसम के इस पैटर्न के बीच भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में मजबूत El Nino स्थिति बनी हुई है। मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से ज्यादा है और आने वाले महीनों में इसके और मजबूत होने का अनुमान है।
हिंद महासागर में फिलहाल तटस्थ IOD की स्थिति बनी हुई है। पूर्वानुमानों के मुताबिक सितंबर तक इसके तटस्थ रहने की संभावना है, जबकि इसके बाद सकारात्मक IOD की स्थिति बन सकती है।
सितंबर = कब बारिश और सामान्य से ज्यादा तापमान
कुल मिलाकर, आज से शुरू हुए सितंबर महीने के लिए पूर्वानुमान कम बारिश और सामान्य से अधिक तापमान की दोहरी चुनौती की ओर इशारा कर रहा है। खासतौर पर बारिश पर निर्भर कृषि क्षेत्रों के लिए अगले कुछ सप्ताह काफी अहम रहेंगे।
