Gwalior News: हमारे देश में लड़कियों और महिलाओं के लिए कितने ही दायरे हैं। हर दायरा उनकी पसंद और स्वतंत्रता को थोड़ा-थोड़ा कम करते चला जाता है। ऐसे कई दायरों में बंधी भारतीय नारी कभी भी पूर्ण रूप से अपनी पसंद के अनुसार नहीं जी पाती है। जब वह इन दायरों से बाहर निकलने की कोशिश करती है तो उसे अपनी इस कोशिश का बहुत बड़ा भुगतान भी करना पड़ता है। कई बार यह भुगतान उन्हें अपनी जान देकर करना पड़ता है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक युवती जब पिता और चाचा के बनाए दायरे से बाहर निकली तो उसे मौत के घाट उतार दिया गया। तमाम अन्य मामलों की तरह यह भी परिवार के सम्मान की खातिर किया गया।
ग्वालियर में पिछोर थाना क्षेत्र के पथरियापुरा गांव में नंदनी यादव की कथित तौर पर उसके पिता और चाचा ने गला घोंटकर हत्या कर दी। परिजनों के मुताबिक, नंदनी के बॉय कट बाल रखने और घर से बाहर नौकरी करने को लेकर पिता और चाचा उससे नाराज रहते थे। पुलिस ने मामले में पिता भगवान सिंह यादव को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन चाचा संतोष सिंह यादव फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नंदनी कर्नाटक के विजय नगर स्थित एक मॉल में प्राइवेट नौकरी करती थी। रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपने घर ग्वालियर आई थी। इसी दौरान नौकरी और उसके पहनावे-रहन-सहन को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता भगवान सिंह यादव ने अपने भाई संतोष सिंह यादव के साथ मिलकर नंदनी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
छोटी बेटी और मुंह बोले भाई से भी हुई मारपीट
मृतक युवती की मां सुमन यादव ने अपने पति और देवर पर बेटी की हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि घटना से पहले आरोपियों ने नाबालिग छोटी बेटी और मृतका के मुंह बोले भाई के साथ भी मारपीट की थी। घटना के बाद नंदनी को मरणासन्न हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी उसे मृत घोषित कर दिया।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पिछोर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी पिता भगवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी चाचा संतोष सिंह यादव की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। एसडीओपी सौरभ कुमार के मुताबिक, फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं।
मामला अब जांच के दायरे में है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य सुबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
