Savitri Devi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर पूरे परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। आइए जानते हैं उस साधारण ग्रामीण महिला की कहानी, जिन्होंने एक बड़े नेता को जन्म दिया और स्वयं हमेशा सादा जीवन जिया।
सावित्री देवी : एक साधारण मां की साधारण कहानी।
अविभाजित उत्तर प्रदेश के पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान में उत्तराखंड) का छोटा सा गांव पंचुर आम गांवों की तरह ही था और अब बदल गया है। यहीं जन्मी और यहीं जीवन बिताने वाली सावित्री देवी एक आम गृहिणी थीं। उनके पति आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में रेंजर थे। दोनों ने मिलकर सात बच्चों का पालन-पोषण किया — चार बेटे और तीन बेटियां।
उनके पुत्र अजय सिंह बिष्ट, जिन्हें आज दुनिया योगी आदित्यनाथ के नाम से जानती है, का जन्म 5 जून 1972 को इसी गांव में हुआ। जब मात्र 21-22 वर्ष की उम्र में अजय ने संन्यास लेने और गोरखपुर जाने का फैसला किया। मात्र 22 साल की उम्र में अजय सिंह ने सांसारिक मोह माया के बंधन से खुद को अलग कर लिया और संन्यास के रास्ते को अपनाया। तब सावित्री देवी ने अपने बेटे के इस निर्णय को स्वीकार किया। उन्होंने कभी विरोध नहीं किया। उनके इस फैसले का परिवार ने भी साथ दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CM योगी की मां सावित्री देवी का निधन, 91 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
सावित्री देवी ने जीवन भर सादा जीवन जिया। सुबह जल्दी उठना, घर के काम खुद करना, खेती-बाड़ी में रुचि रखना- यही उनकी दिनचर्या थी। पति की नौकरी और खेती से परिवार चलता था। बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़े। योगी आदित्यनाथ अक्सर कहते थे कि बचपन में उनकी पहली गुरु उनकी मां ही थीं।
2020 में उनके पति का निधन हो गया। उसके बाद भी सावित्री देवी गांव में ही रहीं। पिछले कुछ वर्षों में उम्र संबंधी बीमारियों के कारण उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी। ब्लड प्रेशर और आंखों की समस्या से जूझती रहीं। ऋषिकेश एम्स और देहरादून के अस्पतालों में भर्ती भी हुईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार उनसे मिलने पहुंचे।
आज 20 नवंबर 2026 को उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि परिवार और स्थानीय प्रशासन ने की है। सावित्री देवी का कोई सार्वजनिक या राजनीतिक योगदान नहीं था। वे कभी सुर्खियों में नहीं रहीं। उनका योगदान बस इतना था कि उन्होंने एक बड़े परिवार को संभाला, अपने बेटे के सपनों को समझा, और जीवन भर सादगी का उदाहरण पेश किया।
