National Unity Day 2025: आज, 31 अक्टूबर, को पूरा भारत लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मना रहा है और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है। राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान के सम्मान में, उनकी जयंती के अवसर पर देश भर के विभिन्न राज्यों में 'रन फॉर यूनिटी' (एकता के लिए दौड़) का आयोजन किया जा रहा है।राष्ट्रीय एकता के प्रति उनके संकल्प को दर्शाने वाली यह दौड़, देश को एकजुट करने की भावना को आगे बढ़ाती है। इसी क्रम में, दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड (Photo - ANI)
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के बाद, ब्रिटिश शासकों ने देश को 562 रियासतों में विभाजित करके जाने का निर्णय लिया था। यह सरदार पटेल ही थे जिन्होंने अत्यंत कम समय के भीतर इन सभी 562 रियासतों का सफलतापूर्वक एकीकरण (Integration) कर एक आधुनिक और संयुक्त भारत का निर्माण किया। गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि आज हम जिस भारत का नक्शा देखते हैं, वह सरदार पटेल की दूरदर्शिता और अथक प्रयासों का ही परिणाम है।
गुजरात में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड
गुजरात के एकता नगर में पीएम मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित 'राष्ट्रीय एकता दिवस परेड' कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री को दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर का नेतृत्व गुजरात कैडर की आईपीएस अधिकारी सिमरन भारद्वाज द्वारा किया जा रहा है। पीएम ने इस अवसर पर एकता की शपथ दिलाई और परेड की शुरुआत की गई।
तिरंगे के रंग से रंगा एकता नगर का आसमान
सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया है। इस परेड में भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (SKAT) ने एयर शो किया। इस एयर शो में एकता नगर का आसमान तिरंगे के रंग से रंगा दिखा।
पंजाब के राज्यपाल ने स्टेट-लेवल पदयात्रा को दिखाई हरी झंडी
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में सुखना झील पर राज्य स्तरीय पैदल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने इस अवसर पर कहा, "भारत की आजादी के बाद सरदार पटेल ने भारत को एक इकाई बनाने के उद्देश्य से रियासतों को भारत में एकीकृत करने का काम किया। देश की एकता के लिए उनकी 150वीं जयंती मनाई जानी चाहिए। लेकिन उनके कार्यों को याद करने से उनके प्रति सम्मान नहीं आता; यह तभी होगा जब हम अपने जीवन में उसी उद्देश्य को अपनाकर भारत को सर्वश्रेष्ठ बनाएं और हम सभी भारत की प्रगति में भागीदार बनें।"
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद नगर निगम 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाई
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में नगर निगम ने 'रन फॉर यूनिटी' को हरी झंडी दिखाई। बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग इस दौड़ में भाग लेने पहुंचे हैं।
हैदराबाद में अभिनेता चिरंजीवी 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम में शामिल हुए
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में नेकलेस रोड स्थित पीपल्स प्लाज़ा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' कार्यक्रम में अभिनेता चिरंजीवी, पुलिस महानिदेशक बी. शिवधर रेड्डी और पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार शामिल हुए। अभिनेता चिरंजीवी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कहा कि "सरदार पटेल कहा करते थे, 'विविधता में एकता'। यह उनका एक सुंदर कथन है और इसी तरह हम साथ-साथ चल रहे हैं। हर युवा को सरदार पटेल के इस महान कथन से प्रेरणा लेनी चाहिए।"
भोपाल में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन
भोपाल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "सरदार वल्लभभाई पटेल (स्वतंत्रता संग्राम के दौरान) सभी आंदोलनों की रीढ़ थे और उन्होंने उनकी सफलता सुनिश्चित की। उनके सभी कदम आज भी प्रासंगिक हैं।"
