Sambhal Murder Case: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से सौरभ हत्याकांड जैसी ही सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां मुस्कान की तरह ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि जूता कारोबारी राहुल को उसकी पत्नी रूबी ने प्रेमी के साथ मिलकर जान से मार दिया। जिसके बाद शव को छिपाने के लिए उसके टुकड़े करके सिर और हाथ अलग कर दिए। जिसके बाद शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में पत्नी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में राहुल की बेटी का भी चौंकाने वाला बयान सामने आया है।
संभल में पति की हत्या के बाद नाले में फेंका शव
18 नवंबर से लापता था राहुल
जानकारी के अनुसार जूता कारोबारी राहुल अपनी बत्नी रूबी के साथ चंदौसी के मोहल्ला चुन्नी में रहता था। पत्नी रूबी ने 24 नवंबर को थाने में राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और बताया कि वह 18 नवंबर से लापता है। करीब एक महीने बाद 15 दिसंबर को पुलिस को चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के पतरौआ रोड स्थित ईदगाह के पास नाले से एक क्षत-विक्षत शव मिला। जिसका सिर और हाथ गायब थे, जिस कारण पुलिस के सामने शव की शिनाख्त करना एक बड़ी चुनौती बन गया। हालांकि पुलिस को शव के पास एक बैग भी पड़ा मिला, जिससे उसकी पहचान राहुल पुत्र जसवंत निवासी कस्बा गंवा, थाना रजपुरा के रूप में हुई थी
राहुल के घर में ही हुई हत्या
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि राहुल की हत्या उसके घर के अंदर ही की गई थी। जिसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके सिर और हाथ-पैर अलग कर दिए गए। जिसके बाद धड़ को नाले में फेंका दिया गया, जबकि सिर और हाथ अलग जगह फेंके गए। जांच के दौरान राहुल की पत्नी रूबी पर शक की सुई गई। पुलिस ने रूबी समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
फॉरेंसिक टीम को राहुल के घर से मिले बड़े सबूत
फॉरेंसिक टीम जब जांच के लिए राहुल के घर पहुंची तो कई चौंकाने वाले सबूत हाथ लगे। घर में खून के निशान, लकड़ी के तख्त पर लगा खून, शौचालय में रखा टूटा ब्रश और फर्श पर बिखरे बाल समेत कई अहम सबूत बरामद किए गए। इन सबूतों ने हत्या की साजिश तक पहुंचने में मदद की।
बेटी ने की दोषियों को फांसी देने की मांग की
मृतक की नाबालिग बेटी ने इस मामले में चौंकाने वाला बयान दिया है। उसने बताया कि "अभिषेक घर में महंगी चॉकलेट और खाना लेकर आया करता था। अभिषेक उससे कहता था कि कुछ महीने की बात है फिर मैं ही आपको पालूंगा और मैं ही रखूंगा। फिर बीच में से तुम्हारे पापा का कांटा हट जाएगा।" बच्ची ने बताया कि जिस दिन यह वारदात हुई वह स्कूल में थी। बबच्ची ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने, यहां तक कि फांसी देने की मांग की है। फिलहाल पुलिस रूबी समेत हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की संभावना है।
