बिहार के समस्तीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। मासूम की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शन हिंसक हो गया और भीड़ ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।
मासूम की मौत के बाद समस्तीपुर में बवाल
पथराव में आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जख्मी हो गए, जबकि डायल 112 की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालात ऐसे बन गए कि पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए हथियार के साथ पोजीशन ले ली, लेकिन थाना अध्यक्ष ने उन्हें रोक दिया।
'बाइक कथित तौर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि के पुत्र द्वारा चलाई जा रही थी'
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, पूरी घटना समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत राज रेवड़ा के सिंधियाही गांव की है। बताया जा रहा है कि मासूम अंशु अपने घर के दरवाजे के सामने खेल रहा था। इसी दौरान एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बाइक कथित तौर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि के पुत्र द्वारा चलाई जा रही थी।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: गुजरात के अमरेली में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव! कोच का शीशा टूटा
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी
मासूम की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी। ग्रामीण वरीय अधिकारियों को घटनास्थल पर बुलाने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में आक्रोशित लोग पुलिस टीम के सामने आ गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।
डायल 112 की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया
पथराव के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने लाठी-डंडे और पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला किया। इस दौरान डायल 112 की गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने बचाव में मोर्चा संभाला। कुछ जवानों ने हथियार के साथ पोजीशन भी ले ली, लेकिन थाना अध्यक्ष ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।इसके बाद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई
घायल पुलिसकर्मियों को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। वहीं, पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर कहा गया है कि असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर पथराव किया और पुलिस वाहन को क्षतिग्रस्त किया है। वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है
इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। बताया जा रहा है कि अंशु अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। जिस घर में बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की मांग है कि हादसे के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को उचित न्याय मिले। फिलहाल खानपुर के सिंधियाही गांव में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ मासूम की दर्दनाक मौत से परिवार सदमे में है, तो दूसरी तरफ पुलिस पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
