Ranchi Airport Development: शहर स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रनवे के समानांतर टैक्सी ट्रैक बनाया जाएगा। इसके बनने के बाद रनवे पर लैंड कर अगले मिनट ही फ्लाइट इस ट्रैक पर आ जाएगी। इससे हर दो मिनट पर फ्लाइट उतर सकेगी। वहीं, अभी लैंडिंग के बाद फ्लाइट रनवे से होकर पार्किंग-वे तक आने की वजह से एक लैंडिंग के बाद तीन से चार मिनट तक रनवे व्यस्त रहता है। कम से कम पांच मिनट के अंतराल पर लैंडिंग और टेकऑफ होता है।
रांची एयरपोर्ट, जहां बनेगा टैक ट्रैक
इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक केएल अग्रवाल का कहना है कि डीजीसीए से इसकी अनुमति मिल चुकी है। अब जल्द ही टैक्सी ट्रैक बनाना शुरू किया जाएगा। ट्रैक बन जाने से रनवे में फ्लाइट की आवाजाही तेज गति से हो सकेगी। बताया कि रनवे पर एडवांस केट टू एप्रोच लाइटिंग उपकरण भी लगाया जाना है। इसके लिए टेंडर निकाला गया है। रनवे पर इसे लगाने में एक साल लगेगा।
