Ranchi News: रांची में पार्किंग स्थलों पर निर्धारित शुल्क से अधिक रुपए लेने के मामले में नगर निगम ने आदेश जारी किया है। नगर निगम ने आदेश में कहा है कि जिस किसी पार्किंग स्थल पर तय शुल्क से अधिक पैसे मांगे जाएंगे, उसके ठेकेदार का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वाहन चालकों के लिए निगम ने निशुल्क हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है। अगर, किसी वाहन चालक से अधिक पार्किंग शुल्क लिया जाता है तो वह हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
रांची पार्किंग जोन में चालक कर सकते है अपनी गाड़ियां खड़ी (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इस पर संज्ञान लेते हुए नगर निगम के अधिकारी द्वारा उक्त पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में अवैध वसूली का आरोप सही पाए जाने पर पार्किंग स्थल का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। नगर निगम ने तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। वे हैं-7004582752, 0651-2200011 और 9431104429
दोगुना वसूल रहे शुल्क
फिलहाल शहर में ठेकेदारों द्वारा वाहन पार्किंग का शुल्क निगम द्वारा तय शुल्क से दोगुना से लेकर छह गुना तक अधिक वसूला जा रहा है। निगम ने तय किया है कि 3 घंटा कार पार्क होने पर 20 रुपए शुल्क लिया जाएगा। वहीं, ठेकेदार द्वारा प्रति घंटा कार पार्किंग के लिए वाहन मालिक से 30 रुपए लिए जा रहे हैं। बाइक और स्कूटी के लिए 5 रुपए शुल्क तय है, जिसकी जगह 10 रुपए शुल्क लिया जा रहा है। इस बारे में डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय का कहना है कि लगातार शहर वासियों की इस मुद्दे पर शिकायत आ रही थी। ऐसे में सख्त कदम उठाने जरूरी हो गए हैं। निगम से जुड़े सभी पदाधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है।
