राँची

झारखंड के चार जिलों में 125 करोड़ की अफीम फसल पर चला ट्रैक्टर, अब तक 86 लोग गिरफ्तार

Jharkhand News: झारखंड के चार जिलों में करीब 125 करोड़ रुपये की अफीम की खेती को नष्ट किया गया। ये चार जिले रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा हैं। 5 फरवरी को शुरू किए स्पेशल ऑपरेशन के तहत यह कार्रवाई की गई। इस अवैध धंधे से जुडे़ 86 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है।

Image

सांकेतिक फोटो

Jharkhand News: झारखंड के चार जिलों रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा में पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन के दौरान करीब 125 करोड़ रुपए मूल्य की अफीम की खेती रौंद डाली है। 5 फरवरी से शुरू किए गए ऑपरेशन के दौरान अब तक इस अवैध धंधे में लिप्त 86 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर दिए गए आंकड़ों के अनुसार, इन चारों जिलों में अब तक कुल 9871 एकड़ इलाके में की गई अफीम की खेती का पता लगाकर उसे ट्रैक्टर और ग्रास कटर मशीन के जरिए नष्ट किया गया है।

जीरो टॉलरेंस पॉलिसी के तहत स्पेशल ड्राइव चलाई गई

बताया गया कि औसतन एक एकड़ के इलाके में पोस्ते की खेती से तीन से चार किलोग्राम अफीम बनाया जाता है। बाजार में एक किलोग्राम अफीम की कीमत चार से पांच लाख रुपए होती है। इस तरह इन इलाकों से करीब 125 करोड़ रुपए मूल्य का अफीम बाजार में पहुंचने से रोका गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक ने अफीम की खेती के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है। इन चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के अलावा सभी अनुमंडलों में पदस्थापित एसडीपीओ और 11 डीएसपी को इस स्पेशल ड्राइव की कमान सौंपी गई है। उनके साथ थानों के पुलिस बल के अलावा 1500 अतिरिक्त बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

रांची से 19 लोग गिरफ्तार

बताया गया है कि इन चारों जिलों में खूंटी में सबसे बड़े पैमाने पर अफीम की खेती नष्ट की गई है। जिले के मुरूहु, अडकी, खूंटी, सायको एवं मारंगहादा थाना क्षेत्र में 6473 एकड़ में इसकी फसल नष्ट करने के साथ 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। रांची जिले में बुंडू, तमाड़, दशमफॉल, राहे, सोनाहातू और नामकुम थाना क्षेत्र में 2484 एकड़ इलाके में अफीम की खेती का पता लगाकर उसे नष्ट किया गया है और कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

लोगों को जागरुक करने के लिए सभाएं

इसी तरह चाईबासा जिले के बंदगांव, टेबो, कराईकेला, टोकलो थाना क्षेत्र में 394 और सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई, ईचागढ़, चौका, खरसावां थाना क्षेत्र में 520 एकड़ में अफीम की फसल नष्ट करने के साथ 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान के दौरान जगह-जगह सभाएं और बैठकें आयोजित कर आम नागरिकों को अफीम की खेती से होने वाले समाज पर दुष्प्रभाव और इस अवैध धंधे में अंतर्लिप्तता को लेकर कठोर कानूनी प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।

अफीम की अवैध खेती में 20 साल की सजा

लोगों को बताया जा रहा है कि अफीम की अवैध खेती में कठोर जुर्माने के साथ 20 वर्षों तक के कारावास की सजा का प्रावधान है। दक्षिण छोटानागपुर के पुलिस महानिरीक्षक अखिलेश झा ने बताया कि जिन लोगों की जमीन पर अफीम की खेती पाई गई है, उसे नष्ट करने में खर्च की गई राशि भी उन्हीं से वसूल की जाएगी। सुदूर जंगली इलाकों में अफीम की खेती का पता लगाने के लिए पुलिस सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल कर रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article